Tuesday, October 19, 2010

बिहार तमाशा - भाग चार !

भाग तीन संजय भैया लिख चुके हैं !

आज प्रथम चरण का चुनाव प्रचार समाप्त हो गया होगा ! अब असली काम शुरू हुआ होगा ! बोरा का बोरा - ठूंस के - टोला - टोला , गाँव - गाँव एजेंट लोग घूम रहा होगा ! नितीश बाबु ने बहुत कुछ किया उसमे से एक काम था पूरा बिहार को शराबी बना दिया ! सो आज - कल और परसों मस्त लाईफ होगा ! पटना गया था - कौन ऐसा गली नहीं था जहाँ शराब का दूकान नहीं था - सबका बोर्ड एक डीजाईन का ! लौ - ऑर्डर ठीक है सो किसी शराब के दूकान में पहले जैसा लोहा का सुरक्षा कवच नहीं था !

इस बार कार्यकर्ताओं में कोई उत्साह नहीं है ! अब देखिये - अफसर राजा हो गया ! एक अफसर अपने अंदर कई हज़ार 'साधू - सुभाष' को डकार सकता है ! पर् सब कुछ 'लौ -ऑर्डर' के अंदर ! साधू - सुभाष जैसा नहीं - खाली हल्ला ! खाया पिया कुछ नहीं और गिलास तोडा बारह आने का ! तो मै बात कर रहा था - कार्यकर्ताओं के उत्साह का ! :( सब ठंडा है ! पांच साल में मुख्यमंत्री जब मिनिस्टर से नहीं मिलते थे तो कार्यकर्ताओं का क्या अवकात ? जे कामया से अफसर और ठेकेदार  ! बहुत कार्यकर्ता मास्टर बन गया - कम से कम महीना में पांच हज़ार त मिलेगा :) एक नितीश जी के पार्टी के राष्ट्रीय 'महासचिव' से मिले - मोटरसाईकील पर् ढनमना रहे थे ! हम बोले - काश आप नालंदा के होते :) आपके लिए नितीश अंकल हेलोकोपटर का इंतजाम करवा देते ! खैर , नितीश जी का पार्टी है - हम कौन होते हैं कुछ बोलने वाले !

कॉंग्रेस का तो अजीब हाल है ! दिल्ली में बैठा हुआ सब चाहता ही नहीं है कि कॉंग्रेस बिहार में मजबूत हो ! जगदीश टाईटलर आये थे - खाया - पिया पप्पू यादव से दोस्ती किया और कॉंग्रेस को और कमज़ोर कर के निकल पड़े ! :) अनील शर्मा - कैसा नेता हैं - आज तक नहीं समझ पाया ! अरे बाबा - पांच साल में एक क्षेत्र तो बना लिया होता ! महबूब कैसर आये - चांदी कि कुर्सी दिखाने में ही व्यस्त रहे - हम खानदानी मुसलमान हैं - तब तक अशोक राम सब टिकट 'ब्लैक' कर दिया ;) मुकुल जी के सहायक 'मित्तल' का फोन नंबर जिसको मिला - वो समझा कि हमको टिकट मिल ही गया :) हाय रे - नेतागिरी ! कॉंग्रेस का प्रचार टी वी पर् आता है " अब देश कि रफ़्तार से जुडेगा बिहार" ! ऐसा लगता है कि किसी मोबाईल कंपनी का प्रचार है - एयरटेल का ! इस पार्टी के पास बहुत 'धैर्य' है ! तब तक हम .....

लालू पर् कोई विश्वास करने को तैयार नहीं है ! यादव साथ हैं - कुछ मुसलमान भी और पासवान जी के कारण - पासवान लोग ! लालू अगर हनुमान कि तरह अपना सीना फाड़ के बोलें - देखो इसके अंदर 'विकास' है - कोई नहीं मानेगा ! हम सब को यही उम्मीद थी की - लालू शायद 'रघुवंश बाबु' को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित करेंगे - पर् लालू अभी 'शहीद' होने को तैयार नहीं थे ! लेकिन बहुत मेहनत कर रहे हैं ! शत प्रतिशत यादव् उनके साथ हैं ! मुसलमान अगर कॉंग्रेस और नितीश में नहीं बंटे तो लालू नितीश को 'हरदी चुना' बोलने पर् मजबूर कर सकते हैं !

बेचारी भाजपा :( सन २००० के चुनाव में 'कैलाशपति मिश्र' इसको बर्बाद किये - इसबार उनके एकमात्र चेला 'सुशिल मोदी' ! जय हो ! नितीश डुगडुगी बजाते हैं और भाजपा वाला सब नाचता है ! सी पी ठाकुर के कारण 'रामलीला' के मैदान में 'धृतराष्ट्र' वाला खेल खेला गया ! चलिए , इसी बहाने पूरा बिहार विवेक ठाकुर को जान गया :) संजय झा खाते भाजपा के हैं और झोला नितीश का उठाते हैं ! सब कोई 'सुशिल मोदी' बन नितीश से नज़दीक होना चाहता है - अब नितीश कितना इंटरटेन करें - बोले की आप सभी 'सुशिल मोदी' कि अगुआई में मेरी प्राईवेट लिमिटेड पार्टी में मिल जाईये ! खैर , अन्तोगत्वा नितीश आडवानी का इज्जत रखे और उनका 'बिहार प्रवेश' करवा ही दिए !

क्रमशः


रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Monday, October 18, 2010

मेरी पटना यात्रा - भाग दो

पटना में एक दिक्कत है ! रात भी जल्द हो जाती है और सुबह भी :( सुबह सुबह बाबा और बाबु जी बोलना शुरू कर देते - रंजू अब तक उठे नहीं ? लैपटॉप का एडाप्टर इंदिरापुरम में ही छूट गया था सो रात भी जल्द हो जाती :( 

चुनावी बयार था ! सुबह सुबह टी वी के सामने बैठ जाता - लोकल चैनल सब पर् कोई जान पहचान का नेता दिख जाता ! बेंत वाला कुर्सी पर् दोनों पैर ऊपर कर के :) तब तक चाय पर् चाय ! फिर वहीँ से बैठ कर मोबाईल से फेसबुक पर् स्टेटस अपडेट करना और थोडा बहुत इधर उधर का पढ़ना !

पिछले कुछ बार से जैसे ही पटना पहुँचता - प्रभाकर के पास ! बहुत ही हल्की जान पहचान थी पर् फेसबुक ने अजीब सा सम्बन्ध बना दिया ! इस बार मुझे लगा वो बीजी होंगे चुनाव में, सो सोच कर पहला दिन नहीं गया ! अगले दिन फोन कर के उनके दफ्तर पहुँच गया - आधा कप कॉफी पीने ;) जुन में पुत्र के जनेऊ में सिर्फ दो ही लोग रिश्तेदार नहीं थे उनमे प्रभाकर और कृष्ण सर थे ! तब पता चला कि हमारा परिवार उनके परिवार को कई वर्षों से जानता है ! वो भी काफी दिनों तक कंकडबाग में रह चुके हैं ! वक्त ने उनको समय से पहले परिपक्व कर दिया है ! मुझे नहीं लगता कि वो किसी कि बातों का बुरा भी मानते होंगे ! बेहद मिलनसार और थोड़े इलीट :) पिछली बार भी उनके घर गया था - इस बार सपरिवार गया ! लौटते वक्त अपनी गाड़ी से सूरज दा कि गाड़ी में ठोक दिया :) इस बार जब मूड होता - गाड़ी उनके दफ्तर के तरफ मोड़ देता :) पत्नी ने मजाक भी किया - आपको पटना में मन लगता है - प्रभाकर जी कि ओफ्फिस में नौकरी कर लीजिए :) हा हा हा हा ! विशुद्ध दोस्ती तब कही जाती है जब आप एक दूसरे के स्पेस और विचारधारा को इज्जत देते हुए एक दूसरे से एक खूबसूरत मुस्कान से ज्यादा आशा नहीं करें ! वो भी अब दिल्ली आते हैं तो - जरूर मिलते हैं !  और क्या लिखूं - ज्यादा लिखूंगा तो दोस्ती को नज़र लग सकती है - वैसे मैंने उनके बारे में नहीं लिखने का प्लान किया था :) पर् लिख दिया -कुल मिलाकर उम्र में मुझसे छोटे हैं पर् परिपक्वता में काफी ज्यादा बड़े दिखते हैं !

एक दिन प्रकाश सिंह से भी मिला ! टाईम्स नाऊ के लिए काम करते हैं ! छह फीट के नौजवान ! जब मै पटना से लौट जाता तो वो शिकायत करते - इस बार बिना बोले उनके दफ्तर पहुँच गया ! बेहद शरीफ और बिना किसी लाग लगाव के बोलने वाले ! प्रभाकर,  प्रकाश और मेरे बीच एक कॉमन लिंक हैं - देवब्रत ! अब तक देवब्रत नदारत थे - मौसी के यहाँ गए थे !

एक दिन शाम सोच समझ कर दिवाकर भैया के पास गया ! डॉक्टर हैं ! मेरे स्कूल के सीनिअर ! २२ -२३ साल से उनको जानता हूँ - कभी मिला नहीं था ! सोचा मिल ही लूँ ! क्लिनिक में मिला ! ढेर सारे पदक - ट्राफी - क्या नहीं था ! बेहद मीठे स्वभाव के ! कॉंग्रेसी हो गए हैं - उनको कुछ पोलिटिक्स समझाया :( मालूम नहीं वो मेरी बातें कितनी गौर से सुने :(  थोड़ा महिनी से राजनीति में प्रवेश करना चाहते हैं - चाय तो लोगों को पिलाना ही पड़ेगा ;) बहुत बड़ा क्लिनिक है ! उनके पिता जी और माता जी दोनों पटना के डॉक्टर समाज के काफी प्रतिष्ठित लोग हैं !

एक दिन शाम हिंदुस्तान दैनिक से प्रशांत जी का फोन आया ! कुछ बोले - सेमीनार के बारे में ! मुझे ज्यादा समझ में नहीं आया ! अगले दिन उनसे फिर बात हुई - हिंदुस्तान दैनिक के ऑफिस में पहुँच गया ! अगरवाल साहब से मुलाकात हुई - शायद अब वो मुझे भूल चुके होंगे - किसी जमाने में बहुत हल्की परिचय थी ! कार्टूनिस्ट पवन जो मेरे स्कूल से ही हैं - और मै उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूँ - मुलाकात हुई ! प्रशांत जी से भी - पहली दफा मिला ! परिचर्चा हुई ! कौशलेन्द्र जी से मिला - आई आई एम - अहमदाबाद से पास कर पटना में करोड़ों कि सब्जी का व्यापार कर रहे हैं ! इरफ़ान जी मिले - सम्मान फाउन्डेशन वाले ! उनके साथ कई साल पहले मै दिल्ली से पटना सफर कर चूका हूँ - तब जब मेरे पास रिजर्वेशन नहीं था और उन्होंने अपना सीट मेरे साथ शेयर किया था - उन्हें भी याद था :) अमिकर दयाल - जिनको बचपन से हमसभी फैन हुआ करते थे ! और भी कई लोग थे ! कुल मिलाकर एक बहुत ही बढ़िया अनुभव रहा ! 'प्रशांत जी' का शुक्रगुजार हूँ ! मै बुध्धीजीवी नहीं हूँ ! ना तो मुझे भाषा आती है और ना  ही साहित्य ! मुझे आज तक याद है - एक वरिष्ठ पत्रकार बोले थे - मेरे जैसे लोग हजारों सड़क पर् होते हैं - किसी बिल्डर के यहाँ छत ढल्वाते हैं कौन जानता है ! मै कहीं से भी 'बुध्धिजीवी नहीं हूँ ! बस जोश में फेसबुक पर् अखबार कि कटिंग डाल दिया और कुछ नहीं ! बस यह एक संयोग था और प्रशांत जी - पवन जी का मेरे प्रती स्नेह !

आने के एक दिन पहले 'देवब्रत' को फिर रिंग किया - परिवार के साथ कहीं घूम रहा था ! देर रात फोन किया फिर अगले दिन मुलाक़ात हुई - बहुत दिनों बाद हम दोनों सड़क पर् खड़े होकर घंटो बात किये ! अपनी अपनी कहानी ! नॉएडा में ही रहता है - यहाँ भी मुलाक़ात होती है पर् पटना जैसी नहीं ! देव के माता जी और पिता जी दोनों से मिला ! अच्छा लगा !

अपने सास - ससुर अब नहीं रहे ! सो चचेरे साला और सास लोग के यहाँ भी गया ! पाटलिपुत्र कॉलोनी में ! कंकडबाग से पाटलीपुत्र कॉलनी जाना आसान काम नहीं है :( और किसी के यहाँ नहीं गया ! वहाँ भी बहुत स्वागत हुआ ! चचेरे साला लोग रईस हैं ! पूरा बिहार का राजनीति समझा कर आ गया ;) हंस रहे होंगे :) दबंग लोग हैं :)

मूड हुआ गिरिराज बाबु से मिलता ! कई सम्बन्ध हैं और आदर भाव से फोन पर् बात होती है ! पर् चुनाव के कारण वो व्यस्त दिखे ! मैंने भी थोड़ा महटीआ दिया ! अगली बार मिलूँगा !

हर बार कोशिश यही रहती है कि एक बार बिहारटाईम्स वाले अजय भैया से जरूर मिलूं ! इस बार मौर्यालोक के बसंत बिहार में मिला ! साथ साथ डोसा खाया और उनके बिहार कन्क्लेव प्रोग्राम पर् चर्चा हुई ! मालूम नहीं मेरी बातों को वो कितना गंभीर रूप से लेते हैं - पर् गौर से सुनते हैं - ऐसा मुझे लगता है ! १२ साल से बिहारटाईम्स चला रहे हैं ! अब आज कल चुनाव चर्चा में वो सभी बिहार न्यूज चैनल पर् आते हैं !

दिल में पटना बसता है !

 मै राजनीतिक बिलकुल नहीं हूँ - थोडा 'इन्फो -हंग्री' हूँ - जिसके कारण बहुत लोगों को दिक्कत भी होती है :( सॉरी ! पटना थोड़ा साफ़ दिखा ! 

क्रमशः

रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

मेरी पटना यात्रा - भाग एक :)

दशहरा में पटना गया था ! कल ही लौटा हूँ ! कॉमनवेल्थ के कारण बच्चों की  छुट्टी हो गयी थी ! मेरी भी ९ अक्टूबर से होने वाली थी ! बाबु जी हलके से बोले कि 'पटना ही - आ जाओ ' ! पहले सोचा था 'मैसूर-बंगलौर' जाऊंगा ! ८ साल से नॉएडा - इंदिरापुरम  इलाके में हूँ ! सारा पैसा पटना आने जाने में खत्म ! पहले 'पटना में टी ए - डी ए बिल भंज जाता था - अब वो भी नहीं :( 

पत्नी और बच्चे ४ अक्टूबर को यहाँ से निकल पड़े ! साइड वाला सीट उनको मिला - गलती रेलवे रिजर्वेशन की थी -  पत्नी कि गाली मुझे मिली कि पहले से क्यों नहीं टिकट कटाया :( खैर , अब आदत हो गया है ! आलसी हूँ ! आज का काम कल करने कि आदत है ! वो लोग पटना पहुंचते ही पहला शिकायत किये कि - लाईन नहीं है :( अब बिहार बिजली बोर्ड के लिए मै कैसे जिम्मेदार हो सकता हूँ :(  पत्नी के नहीं रहने पर् यहाँ 'इंदिरापुरम' में मुझे सबसे बड़ी दिक्कत होती है - सुबह उठने कि - खैर दोस्तों को बोल दिया था - वो लोग फोन कर के उठा दिए :) तीन दिन मस्त से गुजरे ;) 

८ अक्टूबर को मै भी निकल पड़ा ! स्टेशन थोडा लेट पहुंचा ! वैसे आदत है - गाड़ी खुलने से एक घंटा पहले ही स्टेशन पहुँच जाना ! फिर स्टेशन को निहारना - गौर से यात्रीओं के चेहरे के भाव को पढ़ना ! मैग्जीन के दुकान से अमिताव घोष कि एक नोवल ख़रीदा ! ट्रेन में ढेर सारे 'कॉंग्रेसी; चढ़े हुए थे ! मेरे डिब्बा में ही ! धनी - मनी दिख रहे थे ! सीट बदल के मै उनके पास पहुँच गया ;) नोवल को बंद किया और 'राजनीति' पर् एक बहस छेड दिया :) कुछ लोजपा के भी धनी मनी उम्मेदवार बैठे थे ! हुआ हंगामा ! फिर एक उम्मीदवार था - जो शायद मेरी बातों से सहमत था - वो मेरा हाथ दबाया और बोला - अब आप चुप रहिये - वरना मार पीट हो जाएगा ! बड़ा मजा आया ! 

९ अक्टूबर को सुबह सुबह पटना पहुँच गया ! राजू गाड़ी लेकर आया था ! करीब १५ साल से हम लोगों के साथ है ! नालंदा जिला का नितीश जी का स्वजातीय है और उनसे ज्यादा खानदानी है ! पहले साथ में ही आऊट हॉउस में रहता था ! रास्ता में बोले कि तनी पान खाने दो ! मुह लाल लाल कर के डेरा पहुंचे ! बाबु जी सभी भाई का फ़्लैट एक साथ ही है ! आज तक इसको हमलोग 'डेरा' ही कहते हैं :) चाचा नीचे मिले ! प्रणाम किया और मुजफ्फरपुर से कौन कौन खड़ा है - पता किया ! वो बोले - रंजू , जितना पोलिटिक्स में तुमको इंटरेस्ट है - उतना हमको नहीं :(  ऊपर गए ! बाबा - बाबु जी जैसे इंतज़ार ही कर रहे हों ! सबको प्रणाम किया ! माँ ने चाय बना के दिया ! तीन दिन का पुराना सभी हिंदी अखबार उठा के टैरेस पर् झुलुआ पर् चला गया ! 

पत्नी के साथ ही सेम ट्रेन में 'देव' भी अपने परिवार के साथ पटना आया था ! बेहद ही संजीदा और संस्कारी ! बचपन का दोस्त है ! एक दो साल छोटा होगा ! अब वो खुद ही इतना फेमस है कि - उसके बारे में क्या लिखूं ! मै उसकी बहुत इज्जत करता हूँ ! वादा था - पटना में मिलेंगे ! सो उसको फोन लगाया ! लगा उसका फोन काम नहीं कर रहा ! खैर ! बाबा के साथ बैठ कर पूरा गोपालगंज जिला का राजनीति चर्चा किया ! तब तक पत्नी हाथ में तौलिया थमा गयीं - ऑर्डर के साथ - जल्द नहाईये - गरम गरम भात - दाल - आलू कि भुजिया - चटनी तैयार है ! ह्म्म्म .... काका से बोला एक कप और चाय :) 

बाबु जी अपने गठिया के दर्द से थोडा परेशान दिखे - उनके कमरे में गया ! धीरे से पूछे - 'नौकरी , मन लगा के कर रहे हो ..न ' ! पुराना सवाल - मेरा पुराना जबाब - पटना में बहुत स्कोप है ;) फिर वो लोन सोन का स्टेटस पूछे :( मैंने फिर बताया - फलाना - फलाना दोस्त लोग बी एम डब्लू इत्यादी खरीद लिया है - मौका मिला तो हम भी एक ... :) बाबु जी थोडा झिडके ...हमेशा फैंटसी में रहते हो ! पहले घर और पुरानी गाड़ी का क़र्ज़ समाप्त करो :( 

फिर पुरंदर भैया को फोन लगाया और बोला कि मेरे ससुराल वाले मार्केट में पहुंचिए ! मै भी नहा धो खा पी के निकल पडा ! बाबा कि नयी गाड़ी थी - टंकी फूल करवाया ! बाबा पैसा दे रहे थे - लेकिन मैंने मना कर दिया ! खुद के कमाई से बाबा कि गाड़ी में पेट्रोल डलवाना अच्छा लगा ! 

  कृष्ण सर के पास गया - रईस हैं ! मगही पान - ग्रीन टी और गप :) नितीश के पार्टी के कुछ महासचिव लोग भी मिले ! कुछ मत्री लोग कि भी शिकायत रहती है कि मै पटना आकर उनसे नहीं मिलता - पर् मैंने सन २००२ के बाद से ये प्रण लिया कि किसी राजनेता और बयूरोक्रेत से नहीं मिलूँगा - अगर जब तक यह विश्वास न हो जाए कि हमदोनो एक दूसरे को आदर करते हैं ! 

क्रमशः ..

रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Thursday, October 14, 2010

"दिल वाले बचाए दिल अपना, हम तीर चलाना क्यों छोड़े ! "

"बिहार चुनाव"
बदलाव की इच्छा जब जब बलवती हुई है, बिहार के चुनाव का आधार जातिगत नहीं रहा .
१९७७ और २००५ का चुनाव और इसके परिणाम इसका प्रमाण है. सभी धर्म, जाति के लोग
नीतिश जी को जिताया नहीं था ,बल्कि लालू जी को हराया था. बिहार करवट बदला, क्योंकि
बदलना चाहता था. इसके लिए जातिगत नीति [अनीति ] को ताक पर रखना जरूरी था .

बिहार विकास को हरी झंडी दिखाए वगैर ,नीतिश जी का एक साल भी टिकना मुश्किल था .
अर्थव्यवस्था जनमानस की सोंच को रिचार्ज करता है . बदहाली के राह में खुशहाली के मोड़
भी आते है उस मोड़ से चलकर चौड़ी सड़क पर आया जा सकता है .
विकास की इच्छा बिहार की थी . केवल नीतिश की इच्छा या प्रयास कहना , करोड़ों की भावना
को आहत करना होगा .क्योंकि उनके धुर विरोधी लालू जी पर भी विकास का भूत इस कदर सवार
था कि विकास को रेल की रफ़्तार देने में कोई कोताही नहीं बरती. आज पूरा बंगाल भले ममता
अपने कब्जे में कर लिया हो पर रेल बेकाबू है ." रेल विकास" से "बिहार विकास" का भरोसा
जीतने में लालू अब भी नाकाम हैं.या यूँ कहें रेल विकास को चुनाव में भुना नहीं सके .
सच ही कहा गया है . "सफलता के शिखर पर पहुंचना आसान हैं, मुश्किल है वहां पर टिके रहना".
लालू की नौटंकी फिर से चालू हुआ 'पार्टी टिकट इच्छुक' के साक्षात्कार से . इस साक्षात्कार में
भरपूर मात्रा में डांट फटकार ,दुत्कार , दुराचार,अत्याचार {जो उनकी पार्टी का शिष्टाचार है}का नंगा
प्रदर्शन था .अपमानित कार्यकर्ता लाइन में लग कर उनके 'लालटेन' में 'तेल' तो नहीं ही डाल पायेगा .

चुनावी वादा चाहे किसी भी दल का हो ,पूरा नहीं होता. जनता अब समझ रही है .बिहार में ७७ और
२००५ के बदलाव में चुनावी वादा आने से पहले लोगों ने मन बना लिया था पटकनी देने की .
जो "छूट" पिछले सरकार को मिलती आई है आवाम से वहीँ "छूट " नितीश जी भी चाह रहे हैं .
अब किसी भी सरकार को छूट देने की भूल जनता करती है तो बदलाव अपना अर्थ खो देगा .
एक दरोगा चाह लेता है तो अपने थाने को २४ घंटे के अन्दर टकुये की तरह सीधा कर देता है ,
वैसे ही जिलाधीश अपने जिले को . फिर एक राज्य का मुखिया राज्य को क्यों नहीं कर सकता ?
क्यों अगला पांच साल माँगा जा रहा है ? अपनी "खिचड़ी" को "खीर" कहना उचित है ?
आप अपराधी को माला पहनाकर ,जनता को ताली बजाने को नहीं कह रहे ?

" राजनीति में सब जायज है." इस कथन में राज्य का शोषण है , दोहन है .राष्ट्रद्रोह है .

बिहार में कांग्रेस पुनर्जन्म हेतु गर्भ में है .वैसे गर्भपात का दंश कई बार झेल चुकी है.शुभ
शुभ रहा तो नीतिश जी की "गोद " में खेलना पसंद करेगी . दिल्ली दरबार से नेता तय करने
वाली पार्टी बिहारी जनमानस को केंद्र सरकार द्वारा दिए गए मदद को समझाने, बुझाने या भुनाने
में नाकाम साबित हुई.
मतलब राज्य और केंद्र का लेन-देन ठीक वैसे ही रहा जैसे बिगड़ैल बेटा बड़ा होकर बाप से बोल
दे मेरे में आपका खर्च ही क्या है ? राबड़ी जी भी बोली थी "हमें केंद्र ने कुछ नहीं दिया".
प्रो. रघुबंश ने बोलती बंद कर दिया था हिसाब देकर और उनका हिसाब लेकर .कांग्रेस की
चुनावी रणनीति बेहद फीकी है .

और राम विलास तो भोग विलास में लिप्त हैं नहीं तो मायावती अपने ५० सेंधमार भेज पाती .

नीतिश जी विकास की टोपी लगाये हुए भी परेशान है . छुपम -छुपाई खेलना पड़ रहा है .
सांप-सीढ़ी भी .जो इनका साथ दिया उसको तबाह और बर्बाद कर दिया इन्होने . भाजपा
को अपना वाला "तीर" मार कर" शर शैय्या" मुहैया करा दिया है .बोलने के लिए एक शब्द भी
नहीं छोड़ा है जिसको मतदाता के सामने भाजपा बोल सके .बिना शर्त समर्थन देने वाली भाजपा
को सशर्त अपने साथ खड़ा होने की इजाजत दिया है .मतलब "आना है आओ बुलाएँगे नही."
उस मोदी से नहीं इस मोदी से काम चलाओ,वरुण गाँधी से नहीं विकास की आंधी से काम चलाओ.
जैसे इनका बाहुबली अबतक केवल जीवन बाटता रहा हो .

जैसा लालू जी ने आडवानी जी का रथ रोककर मुस्लिम समाज का पुरजोर विकास किया था ,
ठीक वैसा ही विकास नितीश जी ने "गुजराती मोदी" ,और "वरुण" की "उड़ान" रद्द करवाकर
किया है .पता नहीं नेता लोग ठगी को किसी भी रंग से पोत देते है .

भाजपा अकेले भी लड़ती तो ४०-५० सीट निकाल ले जाती अभी मुश्किल से २० निकाल पायेगी .
क्योंकि कमज़ोर साथी की जरूरत है नितीश को.उनकी चुनावी रणनीति पिछले ४ साल से चल रही है.
क्षेत्र परिसीमन चुपके से अपने फायेदे को सोंच कर किया है .भाजपा की उम्मीदवारी को
प्रभावित किया है. केंद्र के पैसे को अपनी जेब का बताने में कामयाब रहा है . खाली पटना
और नालंदा का मेकअप करके बिहार को सपना दिखाया है . पत्रकार पटाये गए है.
"दिल वाले बचाए दिल अपना, हम तीर चलाना क्यों छोड़े ! "
अपने आदमी की तैनाती एक साल पहले . साईकिल से कन्या शिक्षा ,और शिक्षण से
"पंचर शिक्षक" को जोड़ा है .विद्यार्थी और शिक्षक के घर वाले तीर तो चलाएंगे ही .
नितीश जी सधे हुए नेता भी हैं .शरद यादव ,जार्ज जैसे को चार्ज किया .बिहार को अपना
समझकर ही न किसी को बिहार मसले में फटकने नहीं दिया .'एकोअहम द्वितीयोनास्ति'

कुछ भी हो अन्दर, 75 प्रतिशत लोग बाहर के लिपा पोती से प्रभावित है .एक मौका और
नितीश जी को मिले शायद . चलिए दुआ करते है कि भाजपा को जिस मुकाम पर इन्होने
पहुचाया है या इस चुनाव में जहाँ भेजने की तैयारी है .वो बिहारी मानस को नसीब न कराये.
आदत में सुधार लाना जरुरी समझें. जो जन मानस १५ साल लालू के लालटेन की लाल
रोशनी में गुजारा है ,उसे अगला पांच साल नीतिश की तीरंदाजी दिखने में हर्ज़ नहीं दिख रहा .
जो मिल गया उसी को मुकद्दर समझेगी जनता .

:- Sanjay ( Indirapuram )

Monday, October 11, 2010

बिहार तमाशा - भाग दो

पटना पहुँच गया ! लोकल चैनल पर चुनाव की धूम है ! पर आम मतदाता अभी शांत है ! अन्तिम दौर में कई दलों ने आखिरी क्षण में अपने उम्मीदवार बदलते देखे गए !

"लालू राबडी " राज को जंगल राज कहा गया और कहा जाता है ! पर मुझे घोर आश्चर्य हुआ 'नितीश मोदी ' और 'सुशिल कुमार' की लिस्ट को देख कर ! फॉर एक्जाम्पल - 'वारसलीगंज' से नितीश मोदी के उम्मीदवार है - श्री प्रदीप महतो ! अब वहां के 'सवर्ण' मतदाता किस आधार पर 'तीर' पर मुहर लगायेंगे ! ये प्रदीप महतो इतने खतरनाक छवी के हैं की - बिहार का कोई भी 'पत्रकार' इनके बारे में कुछ लिखने की हिम्मत नहीं कर सकता है - अब चलिए - गोपालगंज - यहाँ के कुचायकोट से हैं - पप्पू पांडे - सतीश पांडे के छोटे भाई ! गृह विभाग के अनुसार पुरे बिहार में 'सतीश पांडे' से खतरनाक कोई और नहीं है ! पुरे ३६ गिरोह का मालिक और पिछले २० साल से उस क्षेत्र में हो रहे सभी राजनितिक हत्याएं का शक 'सतीश पांडे' पर जाता है !

.अनंत सिंह को ले लीजिये - बाढ़ में 'छोटे सरकार' के रूप में जाने जाते हैं ! नितीश का आशीर्वाद है - जीत जायेंगे पर ये आतंक हैं ! सबसे ज्यादा जुल्म इन्होने अपने ही लोगों पर किया है - जिसका परिणाम यह है की - इनके जान के दुश्मन इनके गाँव के ही 'विवेका पहलवान' हैं ! मुन्ना शुक्ल जेल में हैं सो इन्होने अपनी पत्नी को उम्मीदवार बनाया है ! कब तक हम सभी 'बाहुबलीओं' के आतंक के साए में जियेंगे ? और जो लोग इनकी वकालत करते हैं -  हतप्रभ हूँ !

खैर 'नितीश मोदी' की लिस्ट में ऐसे कई लोग भरे पड़े हैं ! ये कैसा राज है ? कौन सी मजबूरी है ? सवर्णों को किस रंग से नितीश रंगना चाहते हैं ? क्या भूमिहार-राजपूत -ब्राहमन में कोई साफ़ सुथरी छवी का नहीं था ? लोकसभा चुनाव में खुद को साफ़ बताने वाले नितीश कुमार को क्या हो गया ?
 
नितीश इन बाहुबलीओं की बदौलत सता तो पा लेंगे पर बिहार के लिए ये अच्छा नहीं है !
भाजपा की तो और बुरी स्थिति है ! पूरा पार्टी नितीश के पौकेट में है ! 'प्रधानमन्त्री' बनने की चाहत में इसका केंद्रीय नेत्रित्व 'नितीश' के इशारे पर नंगा होने को तैयार है ! सी पी ठाकुर ने अपनी ऐसी तैशी करवा ली ! इस्तीफा दे दिया तो दे दिया - वापस लेने से ये और कमज़ोर ही हुए ! पुत्र को 'परसों' एम एल सी बनाया जाएगा - राजनीती में परसों कभी नहीं आता ! अगर आया तो 'विवेक ठाकुर' नसीब वाले होंगे !




कौंग्रेस - करीब ८० यादव और मुस्लिम को कौंग्रेस टिकट दी है - मतलब साफ़ है - लालू की वोट में सेंध मारना !



प्लीज़ , जाती के नाम पर 'बाहुबलीओं' को समर्थन देना बंद कीजिए और नवबिहार का निर्माण कीजिए ! हाथ में दम है !
 
 रंजन ऋतुराज सिंह -  !

Thursday, October 7, 2010

मेरा गाँव - मेरा देस - मेरा त्यौहार - दशहरा - भाग बारह


हर जगह का 'दशहरा' देखा हूँ :) मुज़फ्फ्फरपुर -  रांची - पटना - गाँव - कर्नाटका - मैसूर - नॉएडा -गाज़ियाबाद :)

गाँव में बाबा कलश स्थापन करेंगे ! हर रोज पाठ होगा ! बाबा इस बीच दाढ़ी नहीं बनायेंगे ! पंडित जी हर रोज सुबह सुबह आयेंगे ! नवमी को 'हवन' होगा ! दशमी को मेला ! दशमी को हम सभी बच्चे मेला देखने जाते थे - हाथी पर् सवार होकर ;) ( सौरी , मेरी हाथी वाली किस्से पर् कई भाई लोग नाक - भों सिकोड़ लेते हैं )...महावत को विशेष हिदायत ...गान के सबसे बड़े ज़मींदार के दरवाजे के सामने से ले चलो ...जब तक मेरा हाथी उनका पुआल खाया नहीं ...तब तक मन में संतोष कहाँ ...:P  गाँव से दूर ब्लोक में मेला लगता था ! जिलेबी - लाल लाल :) मल मल के कुरता में ! फलाना बाबु का पोता ! कितना प्यार मिलता था ! कोई झुक कर सलाम किया तो कोई गोद में उठा कर प्यार किया ! किसी ने खिलौने खरीद दिए तो किसी ने 'बर्फी मिठाई' ! तीर - धनुष स्पेशल बन कर आता था ! लगता था - हम ही राम हैं :) पर् किस सीता के लिए 'राम' हैं - पता नहीं होता ! 

रांची में याद है  नाना जी के एक पट्टीदार वाले भतीजा होते थे - एच ई सी में - हमको मूड हुआ - रावणवध देखने का - ट्रक भेजवाये थे ! ट्रक पर् सवार होकर हम 'रावण वध' देखने गए थे ! ननिहाल से लेकर अपने घर तक - दुश्मन से लेकर - दोस्त तक - 'भाई ..बात साफ़ है ....मेरा ट्रीटमेंट एकदम 'स्पेशल' होना चाहिए ...अभी भी वही आदत है ...जहाँ हम हैं ..वहां कोई नहीं .. :P

मुजफ्फरपुर में 'देवी स्थान' ! बच्चा बाबु बनवाए थे - सिन्धी थे - पर नाम 'बिहारी' ! अति सुन्दर - दुर्गा की प्रतिमा  ! वहाँ से लेकर कल्याणी तक मेला ! पैदल चलते चलते पैर थक जाता था :( चाचा जैसा आइटम लोग पीठईयाँ कर लेता :) फिर बाबू जी एक आर्मी वाला सेकण्ड हैंड जीप ले लिए ! पूरा मोहल्ला उसमे ठूंसा जाता ! फिर रात भर घूमना :) झुलुआ झुलना ! कुछ खिलोने - चिटपुटिया बन्दूक  !  उस ज़माने में दुर्गा पूजा के अवसर पर् - ओर्केस्ट्रा आता था ! शाम से ही आगे की कुर्सी पर् बैठ जाना और प्रोग्राम शुरू होने के पहले ही सो जाना :) पापा मोतीझील के पूजा मार्किट से एक हरे रंग का 'एक्रिलिक' का टी शर्ट खरीद दिए थे - तब वो पी जी ही कर रहे थे - मोहल्ला के सीनियर भईया लोग के साथ घुमने गए थे - बहुत साल तक उस हरे रंग के टी शर्ट को 'लमार - लमार' के पहिने ..:)) 

पटना आ गया ! विशाल जगह था ! बड़ा ! माँ - बाबु जी घूमने नहीं जाते ! कोई स्टाफ साथ में ! भीड़ ही भीड़ ! मछुआटोली आते आते - लगता कहाँ आ गए ! तब तक आवाज़ आती - अमूल स्पेय की दुर्गा जी - पूरा भीड़ उधर ! ठेलम ठेल ! ये लेडिस के लाईन में घुसता है ? हा हा हा हा ! उफ्फ्फ ...बंगाली अखाड़ा ! नवमी को दोस्त लोग मिलता - कोई बोलता - फलाना जगह का मूर्ती कमाल का है - फिर नवमी को ..वही हाल ! 

 गाँधी मैदान और पटना कौलेजीयट में तरह तरह का प्रोग्राम होता - पास कैसे मिलता है - पता ही नहीं था ! गाँधी मैदान गया था - महेंद्र कपूर आये थे ! देख ही लिए :) एक बार मूड हुआ 'गाँधी मैदान' का रावण वध देखने का ! एक दोस्त मेरे क्लास का ही - हनुमान बना था - राम जी के साथ जीप पर् सवार था ! इधर से बहुत चिल्लाये - नहीं सुना :) एक बार गए - फिर दुबारा नहीं गए ! बाद में छत पर् पानी के टंकी पर् चढ  कर देखने का एहसास करते थे :)

थोडा जवानी की रवानी आयी तो सुबह में - सुबह चार बजे ..:)) जींस के जैकेट में ....बाल में जेल वेल लगा के ...जूता शुता टाईट पहिन के ...:)) आईक - बाईक पर ट्रिपल सवारी ...पूरा पटना रौंद देते थे ...

नॉएडा आ गए ! बंगाली लोग का एक मंदिर है - कालीबाड़ी ! वहाँ जरुर जाते ! नवमी को मोहल्ले में ही 'बंगाली दादा' लोग पूजा करता था ! जबरदस्त ! अब यहाँ एकदम एलीट की तरह ! मल मल का कुरता ! बेटा भी ! दुर्गा माँ को साष्टांग ! हे माँ - इतनी शक्ति देना की ..........! फिर प्रोग्राम ! रविन्द्र संगीत और नृत्य ! ये लोग बड़े - बड़े कलाकार बुलाते हैं - कभी कुमान शानू तो कभी उषा उथप ! गाना साना सुने ! ढेर बंगाली दादा लोग हमको 'बिहारी बाहुबली' ही समझता था - सो इज्जत भी उसी तरह ! पर् अच्छा लगता था !


रंजन ऋतुराज - इंदिरापुरम !

Wednesday, October 6, 2010

बिहार चुनाव - भाग एक

कल देर रात तक 'चन्दन' पास बैठा हुआ था ! बोला - भैया , अब आपको राजनीति ज्वाइन कर लेना चाहिए ...फिर हंसने लगा ..आप इतना "तीखा"  बोलते हैं - कौन आपके साथ रहेगा ? :(  फिर उसको बोला ..मेरा 'ब्लॉग' पढ़ो :) मै "बिहार राजनीति" का बाल कलाकार 'सचिन' हूँ :) बहुत देर तक बातें हुई !

इस बार अजीब हुआ - कई लोग फोन किये - रंजन जी , यही मौका है - कूद जाईये ! एक देर रात - राजीव कुंवर अड् गए - अभी बाओ डाटा भेजिए - अभी का अभी ! खैर , ना तो इतना पैसा है और ना ही 'कुब्बत' ! बेरोजगार होता - पटना में होता तो कोई और बात होती ! कई करीब के दोस्तों ने समझाया - अभी खेलो - कूदो , फिर आराम से "हनुमान कूद" करना :)

बिहार में एक कहावत है - किसी से दुश्मनी है तो उसको एक 'सेकण्ड हैंड गाड़ी' खरीदवा दो - दुश्मनी गहरी है तो 'चुनाव' लडवा दो :) एक जमाना था - जब चुनाव में खेत बिकते थे - अब 'चुनाव' में हारने के बाद भी लोग नॉएडा में प्लाट खरीदते हैं :) कॉंग्रेस के एक बहुत ही बड़े नेता से बात हो रही थी - बोले - क्या हीरो - कब आ रहे हो मैदान में ? मै एक शर्मीला लडका की तरह नजरें झुका मुस्कुराने लगा - वो बोले - अरे , इंदिरापुरम में फ़्लैट लिए हो न ..क़र्ज़ से लिए होगे ...एक चुनाव में सब क़र्ज़ खत्म हो जायेगा :)

देखिये , बाहुबली से डर नहीं लगता है ! बिलकुल नहीं ! डर लगता है - नेता सब से ! कहाँ 'सेट' कर दे और आप 'बैकुंठधाम' :( बात करीब तेईस साल पुरानी है - बिहार के प्रथम बाहुबली 'काली पांडे' जी हमारे सांसद हुआ करते थे ! मै मैट्रीक के परीक्षा के बाद अपने गृह जिला के दौरा पर् था और तत्कालीन मुख्यमंत्री 'श्री विदेश्वरी दुबे' जी भी आने वाले थे सो हम सभी उनकी आगवानी के लिए लोकल हवाई अड्डा पर् खड़े थे ! मेरी थोड़ी नोक झोंक 'काली पांडे' जी से हो गयी - जो बिलकुल मेरे बगल में थे ! मेरे दादा जी बीच बचाव करते - पर् मै पुरे आवेश में था जिसका भरपूर इज्जत "काली पांडे" ने किया - पर् इस छोटी सी घटना ने कईओं को आशा जगा दिया की - एक दिन मै भी .....

राजनीति ठीक है ..लेकिन 'हिंसा' देखकर डर लगता है ! बहुतों को मौत के घाट तक पहुंचते देखा हूँ ! कई करीबी ! यहाँ घात होता है ! मर्दों की तरह सामने से लड़ाई नहीं होती है ! जो कल तक आपकी उंगली पकड़ 'राजनीति का पाठ' पढ़ रहा था वो आज अपने निजी स्वार्थ के लिए आपकी हत्या करवाने में थोडा भी नहीं जिझकेगा - ये बहुत ही गलत है ! नगीना राय की हत्या देखी है ! उस दौर में "गोपालगंज" में कई हत्याएं देखी ! लगातार ! 

लेकिन ये नशा है ! नगीना राय को मरे १९ साल हो गए - एक बार फिर उनके पुत्र 'महेश राय' कॉंग्रेस की टिकट पर् चुनाव लड़ रहे हैं ! सोचा फोन करूँगा ! कई अपने अलग अलग पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं !

मंजीत हमारे विधायक होते थे ! पिछली दफा हार गए ! हमलोगों की बहुत इज्जत करते हैं ! नितीश ने उनको फिर एक बार टिकट दिया है ! आशा है जीत जायेंगे ! उनके पिता जी हमलोगों के विधायक होते थे - हमसभी उनको 'बाबूसाहब' कहते थे - छोटे सरकार ( सत्येन्द्र बाबु) के दाहिना हाथ ! राजनीतिक विरोध था पर् बड़े ही खानदानी थे ! 'बड़े आदमी' ! छोटापन नहीं था ! सत्येन्द्र बाबु के कैबिनेट में वो थे - मंत्री बनने के बाद सबसे पहले हमारे दरवाजे पर् आये थे - हमने भी उनके 'बडपन्नता' को इज्जत दी थी !

पारिवारिक मित्र और पटना में हमारे परिवार के अभिभावक 'कृष्णकांत बाबु' के परिवार से उनके बड़े लडके - चुन्नू बाबु गोरियाकोठी से भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं ! फरवरी २००५ में जीते भी थे ! इस बार उनको जरूर जितना चाहिए ! इस परिवार ने 'गोरियाकोठी' को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई है ! बिहार का कोई भी ऐसा जिला नहीं है जहाँ आपको इस गाँव की कोई लडकी डॉक्टर नहीं मिलेगी !

और क्या लिखूं ? सभी अपने जीते ! शुभकामना रहेगी !

पर् मुझसे 'नितीश कुमार' नहीं "घोंटाता" है :( 






रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Saturday, September 25, 2010

लाईफ इन अ मेट्रो - पार्ट वन

फाईनल सेमेस्टर का परीक्षा के बाद हम 'पटना' में जम गए थे ! दोस्त लोग नौकरी में जाने लगे - फोन आने लगे ! हम सोचे जब सब 'नौकरी' कर रहे हैं - फिर हमें भी कर लेना चाहिए ! :)

'अमित' को बंगलौर में नौकरी लगी थी ! फोन किया - बोला 'आ जाओ' ! हम भी ट्रेन पकड़ लिए ! उनदिनो 'मोबाईल' नहीं होता था ! बंगलौर पहुंचा तो पता चला की वो 'दूसरे शहर ' गया हुआ है दीदी से मिलने ! अब मै क्या करूँ ? सोचा "नौकरी" करने आया हूँ - अंदाज़ फ़िल्मी होना चाहिए ! पूरी रात 'मजेस्टिक बस स्टेशन' पर् गुजार दिया ! अगली सुबह 'अमित' से मुलाकात हुई ! उसको कंपनी वालों ने 'मल्लेश्वरम' चौक पर् एक कमरा दिया हुआ था ! जम गए 'कमरा' में ! 'अमित' को हमारे बैच वाले 'दादा' कहते हैं ! 'दादा' को मेरी नौकरी की टेंशन थी - मैंने उसको समझाया - नौकरी बड़ी चीज़ नहीं है - नौकरी में मन लगना बड़ी चीज़ है ! पटना से चलते वक्त - बाबु जी ने बाटा का किंगस्ट्रीट जूता खरीद कर दिया था - १० ही दिन में वो बेचारा दम तोड़ दिया ! खैर अगले एक दो सप्ताह में ही नौकरी लग गयी ! एक आई आई एम अलुम्नी की छोटी सी कंपनी थी !

हर सुबह 'नहाने' का झंझट होता था ! जब तक मै सो कर उठता - 'दादा' नहा धो कर 'तैयार' :) अब जब वो अपने ओफ्फिस की तरफ निकलता तब मै 'अखबार' पढता - फिर चाय - फिर नहा धो कर लेट लतीफ़ ! शाम को लगभग हम दोनों एक ही समय में पहुँचते ! फिर साथ में 'दूकान' में एक कप चाय को दो भाग में करके  पीते ! जिस जगह हम रहते थे - वहाँ काफी व्यस्त सड़क थी ! उसको 'मल्लेश्वरम सर्किल' कहते थे ! देर रात तक भीड़ भाड़ ! एक मैग्जीन की दूकान होती थी - वहाँ से आठ आना में मैग्जीन को रात भर पढने के लिए लाते थे ! :) The Week की लत वहीँ लगी थी !

रात को खाने का हमलोगों ने बढ़िया ट्रिक निकाला था ! एक अंडा के दूकान से चार उबला अंडा खरीद , फिर एक रेस्तरां से छह रुपईया में एक प्लेट चावल और चिकन की करी :) कुल १२ -१३ रुपईया में दम भर खाना :) दरअसल 'दादा' ने रेस्तरां के किचेन वाले को 'फिट' कर रखा था :) वो एक प्लेट चावल की जगह दो प्लेट दे देता था और चिकन करी मुफ्त में :) हम इतने बेचारा शक्ल में होते की - कोई भी कुछ भी दे सकता था :) एक शनीवार दादा 'ब्रिगेड' लेकर गया - बोला 'देखो' यही है "दुनिया" ! फिर क्या 'दादा' के "विजय सुपर " पर् चढ हम रोज "दुनिया" देखने जाने लगे ! :) फिर , शनीवार देर रात ! क्या 'दुनिया थी' :) "जन्नत लगता था" ! कई दोस्त जो वहाँ विदेशी कंपनी में काम करते थे - वहीँ मिलते ! जो जितना 'कमाता' वो उतना ही बड़ा 'कंजूस' :)

मेरे लिए 'अन्जान' लोगों से दोस्ती थोड़ी मुश्किल थी - पर् 'दादा' सब से कर लेता था ! हम जिस मकान में रहते थे - उसका नाम था "रतन महल" ! हम जैसे ही वहाँ रहते थे ! दादा वहाँ बहुतों से दोस्ती कर लिया ! एक और टीम था - उडिया का - "सुबुध्धी" - ISRO में वैज्ञानिक था ! अब टीम बड़ी हो गयी - रात में साथ खाना खाने वालों का ! हम और दादा अब 'चावल और अंडा' वाला धंधा बंद कर दिए थे - हम सभी अब नए ठीकाने खोज लिए - "आन्ध्र स्टाईल" रेस्तरां ! इसी बीच हम भी एक 'बजाज चेतक स्कूटर' खरीद लिए !

तब तक 'तविंदर सिंह' पहुँच गया ! लंबा चौड़ा 'जम्मू का सरदार' ! उसको भी नौकरी लग गयी :) हम तीनो एक साथ "दादा" के कमरे में रहने लगे ! एक दिन 'दादा' बोला - भाई - ये रूम मेरी कंपनी का है - अब तुम दोनों अलग कमरा ले लो ! हम और तविंदर दोनों ने एक कमरा उसी 'रतन महल' में ले लिया ! तविंदर सरदार था - दिल बहुत बड़ा और 'बहस करने में उतना ही माहीर ! रात भर बहस करता था ! और कमरे में मै पलंग पर् सोता और वो नीचे ! कभी शिकायत नहीं किया ! अब वो कंगारू स्टेपलर का इंटरनेशनल हेड है :) नॉएडा आया था तो मिला था :) फेसबुक पर् भी है :)

तविंदर के आने से एक फायदा हुआ - हम सभी अलसूर रोड पर् एक गुरुद्वारा में हर रविवार 'लंगर' खाने जाने लगे :) बहुत मजा आता था ! पूरा एक टीम ! तविंदर देर रात अपनी पगड़ी को हम सभी से सीधा करवाता था :) फिर सुबह में उसकी पगड़ी बांधो !

एक छोटी सी घटना याद है - के आर सर्किल के पास बंगलौर का सबसे बढ़िया 'इंजिनिअरिंग कॉलेज' है - वेश्वेश्वरैया जी के नाम पर् ! वहाँ से गुजर रहा था ! पोस्टर देखा - वहाँ 'मिलेनियम ग्रुप' का रॉक शो होने वाला था ! मै कॉलेज के अंदर घुसा गया ! अभी नया नया खुद भी कॉलेज से पास किया था तो झिझक नहीं हुई ! वहाँ के विद्यार्थीओं के कल्चरल सेक्रेटी से मिला और बोला - "मुझे अवसर दोगे , मिल्लेनियम ग्रुप के साथ ? " वो बहुत देर तक हंसा फिर बोला - ओके , आ जाना कल :) अब , कल के लिए कपडे नहीं थे :) जिस कपडे में 'इंटरविउ' देता फिरता था - उसमे ही पहुँच गया - सफ़ेद शर्ट - काला पैंट और लाल टाई ;) "दादा" भी साथ में था ! जबरदस्त स्टेज और क्रावूड ...मस्त !! ;) पचास हज़ार वाट के स्पीकर्स :) बेहद ख़ूबसूरत लड़कियां - हर लिबास में ! दक्षिण भारत के सभी बढ़िया इन्जीनिअरिंग कॉलेज के एक से बढ़कर एक लडके - लडकी आये थे ! "दादा" को किस किया और फांद गया - स्टेज पर् - खुद का लिखा 'गाना' - सब झूम गए ! स्टेज से नीचे उतरा तो 'दादा' बोला - क्या बोला ....आज तक कानो में सुरक्षित हैं :) फिर क्या था ...दादा थोडा दूर खड़ा था और मै जिंदगी में पहली दफा इतनी सारी हसीनाओं के बीच अकेला खडा था :) किसी ने कहा 'दम चलेगा ? " हा हा हा ... ....उफ्फ्फ्फ़ ..वैसे पल फिर कभी नहीं आये ...और सिर्फ 'दादा' ही इसका गवाह बन सका ! दोस्त है - बड़ा भाई जैसा भी ! इंदिरापुरम में ही रहता है :) विप्रो में बहुत बड़ा अधिकारी बन गया है ! मेरी एक डायरी भी उसके पास सुरक्षित है ;) !
कुछ महीनो के बाद दादा कलकत्ता चला गया ! वहीँ उसको नौकरी मिल गयी ! तविंदर अपने ढेर सारे सामान को मेरे पास छोड़ ..जम्मू वापस चला गया ! मै काफी अकेला हो गया ! मै अपनी पुरानी कंपनी छोड़ 'दादा' वाली कंपनी में चला गया ! 'सिंगापूर' की कंप्यूटर नेटवर्किंग कंपनी थी - मालिक 'I I Sc ' से पास था - 'वैज्ञानिक' जैसा ! बहुत पढ़ना पड़ता था - वहाँ ! तनखाह मुहमांगी जैसी थी - पर् 'मन' बिलकुल नहीं लगता था ...बिलकुल भी नहीं ..!

क्रमशः !!!


रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !


Thursday, September 16, 2010

अखबार में नाम - "हिंदुस्तान दैनिक" में अपना दालान !!

बिहार में चुनाव के घोषणा होते ही मैंने 'फेसबुक' पर् लिखा की - चुनाव की हलचल को 'दालान' पर् लिखूंगा - रवीश भी कम्मेंट किये की - 'इंतज़ार करूँगा' ! मैंने लिखा भी - फिर डिलीट मार दिया ! अचानक दो दिन पहले - रवीश का एस एम एस आया की - अपने दालान का लिंक दीजिए ! उस वक्त मै अपने एक बेहद जिगरी दोस्त से गप्प मार रहा था - उसको भी बोला - शायद 'रवीश अभी फुर्सत में दालान पढ़ना चाह रहे होंगे ! फिर अगले दिन रवीश को मैसेज भेजा - "दालान कैसा लगा ?" उन्होंने जबाब दिया - "मेरा गाँव - मेरा देस " काफी पसंद आया !  बात आयी गयी हो गयी !

कल सुबह अचानक संजय भैया का फोन आया ! बोले की "दालान" के चर्चे "हिंदुस्तान दैनिक" में छपा है ! आम इंसान हूँ - खुशी हुई ! नेट पर् लिंक खोजा और चार बार पढ़ा ! फिर रवीश को थैंक्स एस एम एस भेजा ! कई नजदीकी दोस्त खुश हुए ! डरते डरते बीवी को भी बताया - एक छोटी सी सच्ची कहानी के साथ ! वो मुस्कुरायीं और हम थोड़े निश्चिन्त हुए :)

आम  इंसान हूँ ! खुश हूँ और खुशी से लिखने की तमन्ना बढ़ी है ! "पत्रकारों" की बेहद इज्जत करता हूँ ! पर् 'पत्रकार' बनना पसंद अब नहीं होगा - हिंदी पत्रकारिता में बहुत ही गंदी राजनीति है ! बहुत ही करीब से देख लिया ! प्रतिभाएं कैसे पनप जाती है - आश्चर्य होता है ! यहाँ "भ्रूण हत्या" होती है ! दुःख होता है ! शायद रवीश मुझसे सहमत होंगे !

खैर , राजनीति भी ज्वाइन नहीं करना ! इस बार करीब बीस लोग फोन किये होंगे - चुनाव कहाँ से लड़ रहे हो ? :) कई वरिष्ठ लोग बोले - राहुल जी से एक बार और मिल लो - टिकट मिल जाएगा ! मेरा जबाब स्पष्ट था - 'इगो' डाउन कर के राजनीति नहीं करनी ! राहुल जी चाहेंगे तो 'राज्यसभा' भेज सकते हैं ;) ( हवा )

खैर ...चलिए देखते हैं ...रवीश ने क्या लिखा

"जातिगत समीकरणों का ऐसा ही विश्लेषण पिछले चुनावों के दौरान भी था। बहुत समीकरण बनाए गए, लेकिन नीतीश का जातिगत समीकरण और एक पार्टी के लंबे शासन से निकलने की पब्लिक की चाह ने नतीजे बदल दिये। जातिवाद की मजबूरी बिहार की राजनीति की आखिरी सीमा नहीं है। इसे समझने के लिए दालान ब्लॉग पर जा सकते हैं।

http://daalaan.blogspot.com/ पर रंजन ऋतुराज लिखते हैं कि उनके गांव में एक ब्राह्मण को पोखर दान कर दिया गया। मरने के बाद एक ठेकेदार ने उसकी विधवा से पोखर अपने नाम करा लिया, लेकिन लोग कई साल से पोखर का सार्वजनिक इस्तेमाल भी करते रहे। छठ पूजा का घाट बन गया। रंजन के परिवारवालों ने मुसलमानों से चंदा करा कर पोखर के एक किनारे मस्जिद बनवा दी। जब ठेकेदार ने कब्जा करने की कोशिश की सब ने उसे भगा दिया। गांव के हर घर ने चंदा कर मुकदमा लड़ा। अदालत का फैसला हुआ और पोखर को सार्वजनिक घोषित कर दिया गया।

इस छोटी-सी सत्यकथा में बिहार के लिए सबक है। रंजन लिखते हैं कि मैंने समाजशास्त्र किसी किताब में नहीं पढ़ा है। समाज के साथ रहा हूं सो जो महसूस करता हूं लिखता हूं। लोग किस-किस अवस्था में कैसे सोचते हैं, इसका पता किसी को नहीं चलता। रंजन अपने फेसबुक पर स्टेटस में लिखते हैं कि दलसिंहसराय के विधायक राम लखन महतो को जदयू में लाने की बात पर उपेंद्र बाबू गुस्सा गए। जहानाबाद के दलबदलू अरुण बाबू भी कहने लगे कि दूसरी पार्टी के लोगों की पूछ नहीं बढ़नी चाहिए। भूल गए कि वे बिहार के सब दलों में घूम कर वापस आए हैं।

वाकई बिहार एक फैसले के मोड़ पर खड़ा है। सब एक ही सवाल कर रहे हैं कि बिहार विकास के नाम पर वोट करेगा या जाति के नाम पर। कोई इन दोनों के कॉकटेल की बात नहीं कर रहा है। जो कॉकटेल बना लेगा जीत का नशा वही चखेगा। रंजन लिखते हैं कि जाति की राजनीति बिहार या भारत या विश्व के लिए नयी नहीं है।
बिहार पोलिटिक्स पेज है - फेसबुक पर् ! वहाँ की बातें भी मेरे नाम से कोट की गयी हैं - पर् उसमे ज्यादा योगदान "सौमित्र जी और सर्वेश भाई " का है - दोनों बंगलौर में ही रहते हैं !


लिंक है "हिंदुस्तान में दालान"  



रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Friday, September 10, 2010

टुनटुन बाबु की कहानी !!


टुनटुन बाबु - गाँव के सबसे बड़े गृहस्थ के एकलौते बेटे ! कहते हैं - इनके यहाँ १९०७ से ही गाड़ी है ! सन १९५२ से ही रसियन ट्रेक्टर और अशोक लेलैंड की ट्रक ! जम के ईख की खेती होती ! खुद परिवार वालों को नहीं पता की कितनी ज़मीन होगी ! इलाके में नाम ! गांव बोले तो 'टुनटुन बाबु' के बाबा के नाम से ही जाना जाता था !

मुजफ्फरपुर के लंगट सिंह कॉलेज से बी ए फिर एम ए पास करने के बाद - जब सभी दोस्त 'दिल्ली' जा कर 'कलक्टर' की तैयारी करने लगे तो 'टुनटुन बाबु' को भी मन किया ! अब बाबा और बाबु जी को बोले तो कैसे बोलें ? माँ को बोला - 'दिल्ली' जाना चाहता हूँ ! माँ ने बाबु जी को बोला - बाबु जी ने बाबा को बोला ! 'कलक्टर' बनने के नाम से इजाजत मिल गयी - पर् शर्त यह की - डेरा अलग लिया जायेगा - एक रसोइया रहेगा साथ में रहेगा और एक नौकर ! दिल्ली के मुखर्जी नगर में डेरा हो गया ! गाँव से 'मैनेजर' जी आये थे - साथ में चावल -आटा - शुद्ध खोवा का पेडा ! देखते देखते ढेर सारे 'दोस्त' बन गए ! सुबह उनके डेरा पर् दोस्त जमा हो जाते - गरम गरम पराठा और भुजिया खाने ! "टुनटुन बाबु' को काहे को पढने में मन लगता :) कई दोस्त उनका ही खा कर 'कलक्टर' बन निकल पड़े :) कई पत्रकारिता की तरफ तो कई एक्सपोर्ट हॉउस में ! ३ साल बाद टुनटुन बाबु वापस लौट गए - गाँव ! जो गाँव के दोस्त थे - उनसे 'दिल्ली' का गप्प होता - वहाँ ये किया - वहाँ वो किया - हाव भाव भी बदले हुए !

शादी तय हो गयी ! तिलक के दिन - पूरा इलाका आया था ! टुनटुन बाबु के कई दोस्त भी ! लडकी वाले ने सिर्फ 'चांदी' का सामान चढ़ाया था ! कई 'कलक्टर' दोस्त भी आये थे - उनलोगों को ठहरने का अलग इंतज़ाम ! सब भौचक्क थे !

शादी के बाद - पहला होली आया ! माँ के कहने पर् १० दिन पहले ही 'टुनटुन बाबु' ससुराल पहुँच गए ! साथ में एक 'हजाम' , एक नौकर भी ! हर रोज तरह तरह के पकवान बनते ! घर के सबसे छोटे दामाद थे - पूरा आवभगत हुआ ! होली के २ दिन पहले और भी बड़े 'साढू-जेठ्सर' आ गए ! कोई कहीं कैप्टन तो कोई कहीं अफसर ! पत्नी का जोर था - 'जीजा जी' लोग से मिक्स क्यों नहीं करते ? पत्नी के दबाब में - "टुनटुन बाबु" अपने साढू भाई लोग से गपिआने लगे ! कोई बंगलौर का कहानी सुनाता तो कोई दिल्ली का ! बात - बात में वो सभी अपनी 'नौकरी' के बारे में बात करते - और 'चुभन' टुनटुन बाबु को होती ! पत्नी भोलेपन में अपनी दीदी लोग के रहन सहन की बडाई कर देती ! होली का माहौल था ! "सास" सब समझ रही थीं ! छोटे दामाद की पीड़ा ! "साढू भाई" लोग की बोलियां और नौकरी की बडाई - टुनटुन बाबु के अंदर एक दूसरी होली जला दी थी ! खैर , पत्नी को मायके में छोड़ - होली के दो दिन बाद वो वापस अपने गाँव आ गए ! उदास थे ! सब कुछ था - पर् नौकरी नहीं था ! अक्सर यह सोचते - नौकरी से क्या होता है ? पैसा ? पैसा से क्या ? घर - जमीन जायदाद ? परेशान हो गए !

जब परेशानी बढ़ गयी तो - माँ को बोले - मै नौकरी करने 'दिल्ली' जाना चाहता हूँ ! माँ ने बाबु जी को बोला - बाबु जी ने बाबा को बोला ! बाबा बोले - "क्या जरुरत है - नौकरी की ? हम गिरमिटिया मजदूर थोड़े ही हैं ? " खैर किसी तरह इजाजत मिल गयी ! टुनटुन बाबु भी अपने एक दोस्त का पता ..पता किया ! पता चला की वो एक एक्सपोर्ट हॉउस में है - वो नौकरी दिलवा देगा !
जाने के दिन - माहौल थोडा अजीब हो गया ! माँ ने 'अंचरा' से कुछ हज़ार रुपये निकाल के दिए - बाबु जी से छुपा के दे रही हूँ ! जब  दिक्कत होगा तो खर्च करना ! बाबु जी भी उदास थे ...जाते वक्त ..'एक पाशमिना का शाल" कंधे पर् डाल दिया ! बड़ा ही भावुक माहौल था ! जीप से स्टेशन तक आये ! ट्रेन पर् चढ ..दिल्ली पहुँच गए !

दिल्ली बदल चूका था - दोस्त बदल चुके थे ! इस बार ना तो रसोईया था और ना ही कोई नौकर ! कई 'कलक्टर' दोस्त जो दिल्ली में ही थे - सबको फोन लगाया - कुछ करो यार ! पहले तो सब हँसे - तुम और नौकरी ? जो पिछली बार तक इनके 'पराठे - भुजिया' खाने के लिए सुबह से ही इनके डेरा पर् जमे रहते थे - किसी ने घर तक नहीं बुलाया ! अंत में काम वही आया - एक्सपोर्ट हॉउस वाला - जिसको 'टुनटुन बाबु' कभी भाव नहीं दिए - अपनी शादी में भी नहीं बुलाया था ! एक सप्ताह में - नौकरी का इंतजाम हो गया ! एक दूसरे एक्सपोर्ट हॉउस में !

बड़ा मुश्किल था ! सुबह ८ बजे ही बस पकडो ! बस से ऑफिस पहुँचो ! फिर मैनेजर ! ढेर सारा काम ! बहस ! मालिक ! उफ्फ्फ्फ़ ! कभी कभी कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता ! पत्नी के साथ पटना में एक जूता ख़रीदे थे - वुडलैंड का ! अब वो जूता जबाब देने लगा ! माँ का भी दिया हुआ पैसा - खत्म होने के कगार पर् था ! सात तारीख को तनखाह मिलती !

सात तारीख आ गया ! मैनेजर ने बोला - कैश लोगे या चेक ! टुनटुन बाबु बोले - "कैश" ! ७ हज़ार रुपये ! कितने भारी थे ! माँ बाबु जी को याद किया ! बाबा को भी ! फिर 'साढू भाई' लोग याद आये :)
महंगे जूते खरीदने की हिम्मत नहीं हो रही थी - किसी तरह सब से सस्ता एक जूता ख़रीदा ! वैसा जूता उनके गाँव का उनका नौकर भी नहीं पहनता होगा !

अब घर याद आने लगा ! हर शाम वो बेचैन होने लगे ! मन में ख्याल आने लगा - कौन सा 'सरकारी हाकीम" बन गया हूँ ! प्राइवेट नौकरी है ! जितना कमाएंगे नहीं - उससे ज्यादा तो गाँव में लूटा जायेगा ! ऐसी सोच हावी होने लगी ! एक दिन "सामान" पैक किया - मकानमालिक को कमरे का चावी पकडाया और स्टेशन की तरफ चल दिए !

आये थे - थ्री टायर एसी में ! वापसी जेनेरल में ! दिल्ली ने धक्कों से लड़ना सिखा दिया था ! सीट पकड़ ही ली ! सामने एक बुजुर्ग भी बैठे हुए थे ! ट्रेन खुल गयी !
अलीगढ में ट्रेन रुकी तो चाय वाला आया - चाय की कुछ बुँदे जुते पर् गिर गयी ! कंधे पर् रखे - "पाशमिना के शाल" से टुनटुन बाबु जूता पोंछने लगे ! फिर कुछ देर बाद एक - दो बार और पोछे !
सामने की सीट पर् बैठे - बुजुर्ग ने पूछा - "बेटा , इतने महंगे शाल से इतने सस्ते "जूते" को क्यों पोंछ रहे हो ?

टुनटुन बाबु बोले - "ये कीमती शाल - बाप दादा की कमाई का है और ये जूता भले ही सस्ता है - लेकिन "अपनी कमाई" का है :)


रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Sunday, September 5, 2010

शिक्षक दिवस ....कुछ दिल से ...

बहुत सारे विषय पर लिखने का मन करता है ! कई लोग पर्सनल चैट पर प्रशंषा करते हैं - आगे खुल कर नहीं बोल पाते :) ! आप सभी को मेरा लिखना पसंद आता है - यही बहुत बड़ी बात है ! बहुत सारे लोग जो यह भी जानते हैं की मै एक शिक्षक हूँ - उन्हें यह आशा जरुर होगी की मै शिक्षक दिवस पर कुछ लिखूंगा ! 

एक घटना याद है - उन दिनो "याहू मेस्सेंजर" पर चैट होती थी - एक सज्जन थे - 'पनिया जहाज' पर कैप्टन या इंजिनियर ! सुना है वैसे कामो में बहुत पैसा होता है ! खैर , परिचय हुआ - बिहार के थे ! मैंने भी अपना परिचय दिया ! अब वो अचानक बोल पड़े - "शिक्षक हो ? कैसे अपना और अपने परिवार का पेट पालते हो ? - कितना कमाते हो ? " उनकी भाषा 'कटाक्ष' वाली थी ! मै कुछ जबाब नहीं दे पाया - सन्न रह गया ! जुबान से कुछ नहीं निकला - बस एक स्माईली टाईप कर दिया ! पर , उनके शब्द आज तक 'कानो' में गूंजते हैं ! 

कई घटनाएं हैं ! नॉएडा नया नया आया था ! जिस दिन ज्वाइन करना था - अपने 'हेड' के रूम के आगे दिन भर खड़ा रहा - मुझे उनसे मिलना था और उनके पास समय नहीं - मेरे 'इंतज़ार' करने का फल ये हुआ की - इम्रेशन बढ़िया बना ! सब्जेक्ट भी आसान मिला  - प्रथम एवं अंतिम बार "जम के मेहनत किया और पढाया" ! कई विद्यार्थीओं ने मेरे नाम के आगे "झा" जोड़ दिया था :) 

कुछ बैच ऐसे होते हैं - जिसमे आप २-३ सब्जेक्ट पढाएं तो वहाँ एक खास तरह का स्नेह बन जाता है ! फिर ता उम्र आप उनसे जुट जाते हैं ! एक रिश्ता बन जाता है ! एक विद्यार्थी था - दूसरे ब्रांच का ! उसे थोड़ी हिम्मत की कमी थी - अक्सर वो मिल जाता और मै उसको हमेशा यह बोलता की तुम अपने क्लास में टॉप कर सकते हो ...फिर मैंने उसको जान बुझ कर उसके हौसले को बढ़ाने के लिए १-२ मार्क्स ज्यादा दिए - फिर वो आगे देखा न पीछे ...अचानक फ़ाइनल इयर में पता चला की - वो टॉप कर गया है - क्लास में नहीं -पुरे यूनिवर्सटी में :) कॉलेज आया तो अपने माता -पिता से मुझसे मिलवाया ! अछ्छा लगा था ! 

एक बार मै अपने हेड के कमरे में गया तो वहाँ एक वृद्ध सज्जन बैठे थे - उनदिनो मेरे हेड एक 'सरदार जी' होते थे ! शायद उनको मै बहुत पसंद नहीं था - पर मै इतनी सज्जनता से पेश आता की - उनके पास कोई और उपाय नहीं था - खैर उनके कमरे में बैठे सज्जन के बारे में पूछा तो पता चला की उनका 'पोता' हमारे यहाँ पढता है और  फेल कर गया है - अब वो नाम कटवा के वापस ले जाना चाहते हैं - मैंने बोला - आप एक कोशिश और कीजिए - मै उसका ध्यान रखूँगा - मै ज्यादा ध्यान नहीं रख पाया - पर , हाँ - कभी कभी टोक टाक दिया करता था - वो लड़का सुधर गया - पास करने के कुछ दिन बाद आया - मेरे केबिन में -  "पैर छूने लगा - मैंने मना कर दिया " - धीरे से बोला - 'सर , विप्रो में नौकरी लग गयी है ' - बंगलौर जाना है - सोचा आप से मिल लूँ ! इतनी खुशी हुई की - पूछिए मत - लगा आँखों से खुशी के आंसू छलक जायेंगे ! मुझे यह पूर्ण विश्वास है की - दुनिया की कोई ऐसा दूसरा पेशा नहीं है - जिसमे आपको ऐसी खुशी मिल सके  ! 

मुझे मैनेजमेंट गुरु बहुत पसंद आते हैं - और अक्सर मै एक 'इलेकटीव' पढाता हूँ - जिसमे मैनेजमेंट के कुछ                   ज्यादा भाग हैं ! अखबार में अगर कोई ऐसा आर्टिकल किसी मैनेजमेंट गुरु का अगर आ जाए तो - मै उसे बिना पढ़े नहीं छोड़ता - खास कर 'ब्रांड मैनेजमेंट' का ! खैर ये मेरी पुरानी आदत से - कोर विषय से अलग हट के 'काम' करना ;) वैसे मेरी नज़र में 'कंप्यूटर इंजिनीरिंग' में 'प्रोग्रामिंग' के बाद अधिकतर  विषय बकवास ही होते हैं - और मुझे सब कुछ नहीं आता ! :) 

बाबू जी भी शिक्षक हैं ! जिस किसी दिन भी उनका क्लास होता है - उसके २ दिन पहले से वो 'जम' के पढते हैं - उनके कमरे में कोई नहीं जाता है ! 

खुद शिक्षक हूँ - पर मुझे मेरी जिंदगी में कोई ऐसा शिक्षक नहीं मिला - जो मेरी प्रतिभा को पहचान एक दिशा देता ! कुल मिलाकर - मेरे बाबु जी ही मेरे लिए दिशा निर्देशक के रूप में हैं - शुरुआती दिनों में उनके कई बात नज़रंदाज़ किया हूँ - अब दुःख होता है - खासकर उनकी एक सलाह - जब मैंने 'मैट्रीक पास किया' - मानविकी एवं समाज विज्ञानं  ले लो , पढ़ा होता तो शायद किसी बड़ी पत्रिका का संपादक या राज नेता होता ! माँ की  ट्रेनिंग भी बहुत महत्वपूर्ण है मेरे लिए - आम जिंदगी में मेरी शालीनता और त्याग जल्द ही नज़र आ जाती है - कभी इसका बुरा फल मिलता है - कभी लोगों में जलन तो कभी लोग महत्त्व भी देते हैं - मेरे इस गुण के लिए मेरी माता जी ही जिम्मेदार है - कुछ खून का असर है - कुछ ट्रेनिंग ! 

मेरी स्नातक 'इलेक्ट्रोनिक एवं संचार' अभियंत्रण में है ! 'खुद जब विद्यार्थी था तब क्लास में आज तक मुझे कुछ समझ' में नहीं आया ! जिसका रिजल्ट यह हुआ की  - मै  बहुत ही सरल अंदाज़ में कोई भी सब्जेक्ट पढ़ाना पसंद करता हूँ ! अब तो कुछ सालों से 'प्योर लेक्चर' - एक घंटा तक बक बक ! मुझे याद है - पटना के एक कॉलेज में पढाने गया था - पहले ही क्लास में वहाँ के डाइरेक्टर साहब बैठ गए - जो जाने माने शिक्षक होते थे और आजादी के समय अमरीका से  पढ़ कर लौटे थे - मेरा लेक्चर सुनने के बाद बोले - " पढने की कोशिश करना - ज़माने बाद - कोई ऐसा मिला - जिसके अंदर ऐसी क्षमता हो जो  बातों को सरल अंदाज़ में विद्यार्थीओं को समझा सके - पर ज्ञान बढ़ाने के लिए तुमको पढ़ना होगा " ! खुद विद्यार्थी जीवन में बहुत अच्छे मार्क्स कभी नहीं आये पर बहुत सारी चीज़ें बहुत जल्द समझ आ जाती थी - जिसने मुझे 'खरगोश' बना दिया और देखते देखते 'कई कछुए' आगे निकल गए ! 

मेरी दो तमन्ना है - एक मैनेजमेंट में कोई बढ़िया लेख लिखूं और 'हाई स्कूल' में पढाऊँ ! कंप्यूटर से पी जी करने के बाद भी - मैंने कई 'हाई स्कूल' में शिक्षक के रूप में नौकरी के लिए आवेदन दिया था - सब्जेक्ट - भूगोल , इतिहास , नागरीक शास्त्र :) मुझे लगता है - अगर हाई स्कूल में हम चाहें तो बच्चों को जीवन में कुछ बड़ा सपना देखने को बढ़िया ढंग से प्रेरित कर सकते हैं ! 

कई लोग मुझे मिलते हैं जो भिन्न - भिन्न पेशा में हैं और कहते हैं - मै भी कुछ दिनों बाद 'शिक्षक' बनना पसंद करूँगा ! पर , बहुत कम लोग 'शिक्षक' बनने आते हैं और एक बेहरतीन विद्यार्थी होते हुए भी - बढ़िया शिक्षक नहीं बन पाते ! 

बहुत कुछ लिखने का मन था ...लिख नहीं पाया ...फिर कभी .. 



रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Friday, September 3, 2010

सिनेमा- सिनेमा : सोनाक्षी सिन्हा

अपनी दबंग 'बिहारन' - सोनाक्षी सिन्हा ! वक्त कैसे गुजर जाता है - पता ही नहीं चलता ! अभी हाल फिलहाल तक तो मै 'फ़िल्मी मैग्जीन' में शॉटगन सिन्हा को पढता था - कैसे वो ट्रेन में 'आठवीं की छात्रा 'पूनम' से मिले थे , कैसे सिनेमा में एंट्री मिला और कालीचरण , विश्वनाथ , दोस्ताना , शान , क्रांति और न जाने कितने ...! और अब देखिये तो बेटी सिनेमा में आ गयी :) अब बहुत मुश्किल है उसको इग्नोर करना ..जब भी टी वी या इन्टरनेट पर उसको देखता हूँ - एक अलग एहसास होता है - 'पटना की है' - भगवान इसकी सिनेमा हिट कर देना ! अन्जान सा सम्बन्ध जिसकी डोर अनचाहे 'क्षेत्रवाद' पर टिकी है - पर डोर मजबूत है !
स्कूल में पढता था ..कई दोस्त ऐसे होते जिनके ये सम्बन्धी होते थे - मुझे ये विश्वास नहीं होता - मालूम नहीं क्यों ! कई दोस्त ऐसे होते थे की 'सम्बन्ध' जोडने में बेजोड ! हम आज तक ऐसा सम्बन्ध नहीं जोड़ पाए :(
कितने बिहारी हिंदी सिनेमा इंडस्ट्री में थे य है ये नहीं पता पर कुछ नाम याद है - कुमुद चुगानी , कुमकुम , शत्रु जी , अपने शेखर सुमन और नीतू ! शेखर सुमन का घर हमारे स्कूल के पास होता था सो उनसे एक अलग तरह का लगाव है - उनकी एक सीरियल आती थी - "वाह जनाब ! " - संडे को ! कभी मिस नहीं किया !
सुना है - सोनाक्षी बहुत मोटी थी - वजन कम कर के खुद को मॉडल बनाया ! पिछले साल जब वो लक्मे फैशन शो में आयीं तो मैंने "बिहार टूडे" पर प्रमुख खबर के रूप में छापा था ! अछ्छा लगा था और आश्चर्य भी !
"दबंग" में वो गाँव की घरेलु लडकी के रूप में आयेंगी - बस यह छाप ना रह जाए - कुछ अलग किरदार में रूप में भी वो नज़र आयें - हम सब यही चाहेंगे ! अपने से २२ -२३ साल बड़े कलाकार के साथ काम करना आसान नहीं है - अब इसको 'सोनाक्षी' ने कितना आसान बनाया है - यह परदे पर ही नज़र आएगा !

आगे वो 'बोनी कपूर' के बेटे 'अर्जुन' के साथ भी नज़र आयेंगी !

कुछ का कहना है - सोनाक्षी को देख 'रीना रॉय' की याद आती है :) - फिलहाल हम चुप रहेंगे :)
रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Saturday, August 28, 2010

मेरा गाँव - मेरा देस - भाग ११ ( काका )

जब से बाबु जी ने अलग घर गृहस्थी बसाई - बाबा एक काम हमेशा करते रहे - वो था गाँव से 'किचेन हेल्पर' भेजना ! अलग अलग उम्र के ! मालूम नहीं पिछले ३० साल में कितने आये होंगे और कितने कितने दिन रहे होंगे !

शुरुआती दिनों की याद है ..एक था 'धर्मेन्द्र' ! वो चौथी कक्षा तक पढ़ा था ! मुझे याद है - उसे पढने का शौक था - वो मेरी 'नंदन' और 'पराग' लेकर पढता था ! उसका बड़ा भाई दिल्ली में रहता था सो वो जल्द ही दिल्ली चला गया था ! हाल में ही कुछ वर्षों पहले मुझसे मिलने आया था - अब उसकी खुद की फैक्ट्री हो गयी है :) ढेर सारे फल - मेवा - मिठाई लेकर आया था ! अपने फैक्ट्री के बने हजारों के 'बाथरूम आईटम' के सामान मुझे दे गया की मै उसे अपने फ़्लैट में लगा लूँ - पर मैंने वापस कर दिया ! पटना के मेरे घर में बाथरूम आइटम उसकी फैक्ट्री के ही लगे हैं !

कई आते गए - जाते गए ! उन दिनो 'डिम्पल' चूल्हा होता था ! फिर गैस आया ! ३० दिन में वो सभी गैस का चूल्हा जलाना सिखाते और ३१ वा दिन भाग जाते ! हंगामा हो जाता ! कोई साइकील से रेलवे स्टेशन जाता तो कोई बस स्टेशन - कहीं खो गया तो ? फिर अगले ही सप्ताह 'बाबा' किसी को भेज देते ! अंतहीन सिलसिला था ! "छपरा" जिला वालों से घर का काम करवा लेना बहुत मुश्किल था !

एक घटना याद है - बाबु जी बड़ी मुश्किल से कुछ पैसे जमा किये थे - गोदरेज का अलमीरा खरीदने को - एक रात 'भूटिया' उन पैसों और माँ के गहने लेकर भाग गया ! वो एक अजीब सा 'झटका' था ! कई महीनो तक हम परेशान रहे ! खैर किसी तरह कुछ गहने वापस मिले लेकिन एक हीरे का कान वाला टॉप्स नहीं मिला !

सिलसिला यूँ ही चलता रहा ! फिर आयीं 'शांती दी' काफी उमरदराज और काफी कड़ीयल स्वाभाव की ! वो भी हमारे गाँव तरफ की ही थीं - पर काफी वर्षों से पटना में रहती थीं ! कुछ वर्षों तक रहीं फिर अधिक उम्र होने के कारण अपने बच्चों के पास चली गयीं - फिर उनकी कोई खोज खबर नहीं मिली !

फिर आये "काका" ! काका का पूरा 'टोला' हमारा 'आसामी' होता था ! इनके कई चाचा - बाबा हमारे बाबा के काफी विश्वासी होते थे ! काका के खुद के परिवार को हमारे तरफ से कुछ बीघे ज़मीन इस एवज में दिया गया था की वो 'दालान' में लालटेन जलाने का काम करते थे - इनका काम था - हर शाम "दालान" में ठीक वक्त पर "लालटेन" जला के टांग देना या शादी बियाह के मौके पर 'पेट्रोमैक्स" !

वक्त के साथ - ना तो वो "दालान" की वैभव रही और न ही हमलोगों में उतनी क्षमता की सब  का पेट पाल सकें ! सो 'काका' कलकत्ता चले गए - जूट मिल में कमाने ! शायद वहाँ उनको 'टी बी' हो गया ! वापस लौट आये ! शादी हुई पर पत्नी कुछ महीने के बाद मायके गयी तो वापस नहीं आयी - अब वो 'गाँव' के बाज़ार में 'कचरी- बचरी-पकौड़ी' बेचने लगे ! खैर ..बाबा के कहने और अपनी जमीन को बचाने के लिए वो हमारे पास 'पटना' आ गए ! उनके कई भाई - भतीजा हमारे परिवार के साथ गांव में थे सभी उनको 'काका' ही कहते तो हम लोग भी कहने लगे ! धीरे धीरे 'पटना' में उनका मन लगने लगा ! बाबू जी शाम थके हारे लौटते तो वो चाय बना के बाबु जी का देह दबाते ! बात बीस साल पुरानी है ! घर दरवाजा सब साफ़ करना ! घर का सारा काम अपने माथे ले लेते और फिर एकदिन अचानक वो 'गाँव' के तरफ मुह मोड़ लेते ! फिर एक सप्ताह के बाद वापस ! जितना २-३ महीना में कमाते उतना वो 'गाँव' में "पी" पा के खतम ! "पीने " के बाद शुद्ध हिंदी में वार्तालाप :))

बहन की शादी और मेरे 'नॉएडा' आने के बाद 'माँ - बाबुजी' की जिम्मेदारी उनके ऊपर ही थी ! एक और खासियत है - हमारे यहाँ मेहमान बहुत आते थे - वो ऐसा 'खाना' बनाते की कोई मेहमान ज्यादा दिन नहीं खा पाता :) नॉएडा आया तो - माँ हर ३-४ महीना पर उनको कुछ सामान के साथ भेज देती ! अब वो मेरे लिए 'हेडक' हो जाता ! काका को रिसीव करो - २-३ रुकेंगे तो उनकी विदाई करो फिर लौटने का खर्चा - पता चलता मुझसे कुछ और पैसा लेकर वो दिल्ल्ली से सीधे गाँव का रास्ता घर लेते :)

अत्यधीक खर्चीला ! सब्जी खरीदने के बाद पैसा वापस माँगने पर गुस्सा भी जाते हैं ! हाल में वो बहुत ही ज्यादा पीने लगे ! तंग आकार बाबु जी उनको मना दिया और बाबा को भी बोल दिया की अब किसी को भेजने की जरुरत नहीं है !

जुन में पटना गया तो 'काका' आये थे - फिर वही 'तमाशा' - पी के शुद्ध हिंदी ! घर में चचेरी बहन की शादी और पुत्र का जनेऊ और उधर 'काका' का शुद्ध हिंदी जारी :) खैर , मेरी पत्नी ने उनको थोडा बहुत समझाया और साथ में 'इंदिरापुरम' चलने को तैयार कर लिया ! सुबह सुबह ६ बजे ही नहा लेते हैं - पीते भी नहीं हैं - हाँ , दिन भर में ३०-४० गुटखा जरुर खा लेते हैं - मेरे लिए कभी कभी 'पान' भी ले आते हैं ! "चाय" इतना ज्यादा की ...पूछिए मत ! खाना ऐसा की ..मै बहुत स्लिम हो गया हूँ ;) हाँ , नॉन वेज वो बहुत पसंद से बनाते हैं ! रूठते भी बहुत हैं ! रूठने के बाद १-२ दिन खाना ही नहीं खाते हैं ! भारी फेरा हो जाता है :(

पत्नी कह रही थीं की जितना सरसों का तेल और घी एक साल में खर्च नहीं हुआ वो पिछले २ महीने में हो चूका है - खैर मुझे विश्वास नहीं हुआ ! खर्चीले हैं ..लेकिन विश्वासी :) घर में उनको कोई "तुम" कह के नहीं बुलाता है - सिवाय बाबा - बाबु जी के !

मालूम नहीं कितने दिन तक साथ रहेंगे - पर बच्चे और पत्नी खुश हैं :-|

रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Saturday, August 21, 2010

तनखाह .....

देश के 'संसद' की क्या हैसियत है ? अगर मै गलत नहीं हूँ तो शायद इससे शक्तिशाली कोई और दूसरी संस्था नहीं है - फिर वहाँ के लोग जिसमे से करीब ५२३ हमारे द्वारा ही दिए गए वोट से जीते जाते हैं , क्यों न एक बेहतर तनखाह लें ? जब 'हरी - हैरी और हरिया' भी मेट्रो में रह कर २-४ लाख झार लेता है फिर जिस संस्था के ऊपर पुरे देश की जिम्मेदारी है  अगर उसके सदस्य को पचास हज़ार मिल ही रहा है तो क्या गुनाह हो गया ?

एक छोटा सा सवाल है ? हम में से कितने लोग  संसद के दौरान 'लोकसभा टी वी या राज्यसभा टी वी ' देखते हैं ! मुझे जितना वक्त मिलता है - मै देखता हूँ और इसी दालान पर मैंने चौदहवीं लोकसभा में पटना के सांसद 'श्री राम कृपाल यादव' को सर्वश्रेष्ठ सांसद बोला था - बाद में उनको लोकसभा ने उनके कार्यों को देख सर्वश्रेष्ठ सांसद का सम्मान दिया था ! मैंने 'बाहुबली पप्पू यादव' को लोकहित में बोलते देखा हूँ !

जिस आदमी को राजनीति का क , ख , ग भी नहीं पता वो भी राजनेता को 'भ्रष्ट' बोल देता है ! आज के दिन में बिहार जैसे गरीब प्रदेश में भी 'विधायक' का चुनाव जितने लायक लडने के लिए कम से कम एक करोड चाहिए ! एक उम्मीदवार क्या करता है इन पैसों से ? जी , आपके और हमारे जैसे लोग बिना पैसे दिए वोट नहीं डालते ! फिर 'भ्रष्ट' तो हम ही हुए ! दस साल पहले तो इस तरह पैसा नहीं बहता था !

"लोकतंत्र" में सबसे शक्ती शाली जनता होती हैं ! अगर ऐसा नहीं होता तो एक चपरासी का भाई - बेटा किसी प्रदेश पर २० साल तक राज नहीं करता ! अगर ऐसा नहीं होता तो इंदिरा गाँधी जैसी शक्तिशाली नेत्री चुनाव नहीं हारती !

 बहुत कम ऐसे 'लोकप्रतिनिधि' हैं जिनके बाल बच्चे आपकी तरह एक 'एम एन सी ' की नौकरी करते हैं ! उनका बचपन और जवानी दोनों बर्बाद हो जाता है ! अगर वो थोडा खुद के लिए ले ही लिया तो इतना हंगामा ? आप और हम 'बेईमान' रहे और सामनेवाला 'ईमानदार' क्योंकि उसने 'समाज सेवा ' का प्रण लिया है ! इट्स नोट अ फेयर गेम !

देखिये , पैसे की जरुरत अब सबको है ! अगर आप उचित तनखाह नहीं देंगे फिर उसकी नज़र आपके 'तिजोरी' जायेगी ही जायेगी - आप कुछ नहीं कर सकते ! 'पावर' से पेट नहीं भरता ! आज जिसको 'कम्यूटर' का थोडा भी ज्ञान है वो ४०-५० पा लेता है ! फिर , 'लोकप्रतिनिधि' के साथ ऐसा व्यवहार क्यू ? भूखे पेट वो आपके लिए कितना सोचेगा ? इंसान है - उसके भी बाल बच्चे है - कुछ इधर उधर की सोचेगा ही ...!

यही हाल 'अधिकारिओं' के साथ भी है - आप संघ लोक सेवा आयोग के द्वारा सबसे तेज लोगों को चुनते हैं और उनको देते हैं क्या ? और समाज उनसे अपेक्षा रखता है की वो अपने पद के अनुसार जीवन शैली रखें ! अगर कोई 'सिविल सर्वेंट' यह घोषणा कर दे की वो जीवन में कभी घुस नहीं कमाएगा - उसके यहाँ कोई अपनी बेटी का बियाह नहीं करेगा ! इसका सिर्फ और सिर्फ एक ही वजह है की - कम तनखाह !

कल रवीश की रिपोर्ट देख रहा था - एक शिक्षक की शिकायत बच्चे कर रहे थे ! अब पांच हज़ार में आप कैसा 'शिक्षक' चाहते हैं ? इससे ज्यादा तो मेरे फ़्लैट के सामने 'गुटखा' बेचने वाला कमा लेता है ! 

अब किसी पेशा में इज्जत नहीं है ! एक जमाना था - जब लोग पूछते थे की आपको कितना पढ़े लिखे हैं - अब पूछा जाता है 'कितना माल' ( पैसा ) है ? यह दबाब कौन पैदा कर रहा है ? बचपन याद है - पटना के विधायक क्लब जाता था - बाबा के ३-४ दोस्त मंत्री - विधायक हुआ करते थे ! वहाँ 'टोनी' जी से दोस्ती हो गयी ! उनके पास गाड़ी होती थी - वहीँ बगल के फ़्लैट में 'पालीगंज' के विधायक रहते थे ! टोनी जी के यहाँ भीड़ होती थी - 'पालीगंज' के विधायक के यहाँ कोई नहीं ! "समाज भी चाहता है की आप झमका कर रहे" ! आज नेता बोले तो ..एक बड़ा गाड़ी ..२-४ चेला चपाती ...कौन देगा खर्चा ? बिना चेला चपाती वाला को आप नेता भी नहीं मानेंगे !

कल शाम बगल के 'शिप्रा मॉल' में चला गया ! एक राज्यसभा सांसद दिख गए - अपनी पत्नी के साथ थे - मै अपने दो दोस्त के साथ ! मैंने 'राज्यसभा सांसद' को अभिवादन किया और रुक कर उनकी पत्नी से उनके बच्चों की पढाई - लिखाई के बारे में पूछने लगा ! फिर वो लोग बाहर निकल गए और मै उनको गाड़ी तक छोडने आ गया ! मेरे दोनों दोस्त थोडा परेशान हो गए - बाद में पूछा - कौन थे ये लोग ? मिने बोला एक संसद सदस्य - वो चौंके - विश्वास नहीं होता - बिना वजन वाला संसद सदस्य होगा - वरना ऐसे ही बिना 'चेला चपाती - सुरक्षा ' का कोई कैसे चलेगा ? यह सवाल ऐसे लोग कर रहे थे - जो बिहार के सबसे बढ़िया इंजिनीअरिंग कॉलेज से पास एक बेहतरीन कंपनी में नौकरी कर रहे हैं - फिर बाकी की जनता तो अपने 'प्रतिनिधि को अवश्य की "शक्तिशाली" और 'झमकते' हुए देखना चाहेगी !

फिर 'बाज़ार' में  झमकाने  के लिए - पैसा चाहिए - अगर संविधान उनको नहीं देगा तो अवश्य ही उनकी नज़र 'तिजोरी' पर रहेगी ! यह मनुष्य का स्वभाव है !


खैर ..बहस जारी रहेगा ...

"दालान" से

रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Friday, August 13, 2010

शुक्रिया दोस्तों ....

तीन साल से 'ब्लॉग' लिख रहा हूँ ! जो दिल में आया - बस लिख दिया ! कुछ भी सोचा नहीं ! कई 'पोस्ट' लिखते वक्त आँखों से आंसू भी आये - कई में इतनी हंसी आयी की 'हाथों' से चाय गिरते गिरते बचा ! कई 'पोस्ट' बहुत बकवास तो कई दिल के बहुत ही करीब ! कई तो गुस्से में लिखे हुए हैं !

याद है - पोस्ट लिखते ही सबसे पहले 'सर्वेश भाई' को बताता था - बंगलोर में रहते हैं ! वो तुरंत 'ब्लोग्वानी' में  'वोट' दे दिया करते :) कभी उनका मूड हुआ तो "बूथ छाप" दिया करते और मेरा 'पोस्ट' "स्टार" हो जाता और ढेर सारे लोग आ कर पढते ! :) अगर "संजय भैया " ऑनलाईन हुए तो वो भी "वोट" दे दिया करते ! फिर मै अपने ब्लॉग का खुद से प्रचार करता ! सर्वेश भाई और संजय भैया तो यहाँ मेंबर भी हैं - "दालान" उनका कर्ज़दार है और रहेगा !!

इधर "फेसबुक" में मेंबर बना ! देखते देखते कई अन्जान लोगों से परिचय गया ! "पत्रकारों" को बहुत इज्जत देता हूँ सो बहुत सारे पत्रकार दोस्त बन गए पर वो मेरा "ब्लॉग" नज़रंदाज़ करते हैं - खैर , यह उनकी अपनी मजबूरी है ! पर , फेसबुक पर कई लोग यूँ ही टकरा गए और अच्छे दोस्त बन गए - "गप्पी हूँ" सो दोस्त तो बनेंगे ही ! दोस्ती की क़द्र करता हूँ - पर ये सोशल नेटवर्किंग साईट पर "विश्वास" जल्द नहीं बनता - पर जो कुछ भी विश्वास बना या बनाया - उसकी 'क़द्र' करूँगा - विश्वास कीजिए :)  हाल में ही किसी ने कहा - आपका 'ब्लॉग' नहीं आया तो उनके कहने पर 'फैशन' पर लिख दिया ! १-२ दिन गायब रहने पर लोग पूछते भी है - आप कहाँ हैं ? मालूम नहीं ये कैसा 'बंधन' है ?  अहमद भाई हमेशा कहते हैं - कोई उपन्यास लिखो या ब्लॉग को प्रिंट करवाओ - पैसा मै दूँगा :) उनसे कभी नहीं मिला हूँ - जब भी दिल्ली आने का होता है - पूछते हैं - कुछ तुम्हारे लिए लाना है ?? कई लोग मिले ....
इधर मई से कॉलेज में थोडा काम कम हो गया था सो समय पूरा था - जम के फेसबुक का मजा लिया ! "मेरा गाँव - मेरा देस"  सीरीज शुरू किया - लोगों ने पसंद किया ! कई तरह के कम्मेंट लोगों ने व्यक्तिगत ढंग से मुझे दिया - एक ने कहा 'मै "मासूम सामंत" की तरह लिखता हूँ और हूँ भी :)
"मेरा गाँव - मेरा देस" के पहले पोस्ट पर 'फेसबुक' पर विनोद दुआ साहब का कम्मेंट आया - "आप बढ़िया लिखते हैं - लिखते रहिये " ! यह एक सपना की तरह था ! आम इंसान हूँ - जिस पत्रकार को बचपन से देखता सुनता आया - वो अगर कुछ मेरे जैसे आदमी को जिसका पेशा यह सब नहीं है - कुछ कहे तो सचमुच बहुत बढ़िया लगा ! अगर फेसबुक नहीं होता तो शायद ऐसे लोग से कभी मिल नहीं पाता !
आज सुबह एक दोस्त ने कहा 'दिल खोल' कर लिखता हूँ ! अछ्छा लगा ! साहित्य को दसवीं के बाद कभी पढ़ा नहीं - पर यह समझ कैसे पैदा हो गयी - पता नहीं ! घर में वैसा माहौल नहीं था - हाँ ननिहाल में था ! पर जब से थोड़ी बहुत समझ आयी - तब से ननिहाल नहीं गया ! माँ ने हिंदी और संगीत की पढाई की है पर उनसे हिंदी कभी नहीं सीखा ! हाँ , बचपन में "डा० वचन देव कुमार' की निबंध भाष्कर ही पढता था ! याद है कुछ महीने - पटना आया तो मकान मलिक मलिक के छत पर एक बड़ा सा ट्रंक था - जिसमे हिंदी की कई उपन्यास रखे हुए थे - सब के सब २-३ महीने में ही चट  कर गया ! शिवानी - अमृता प्रीतम , ओशो और ना जाने कितने लोग ! मुंशी प्रेमचंद को बहुत कम पढ़ा हूँ पर 'फणीश्वर नाथ रेणु' पसंदीदा रहे पर वो भी आठवीं - नौवीं तक ही ! बंगलौर में नौकरी कर रहा था तब 'आचार्य चतुरसेन ' की उपन्यासों से मुलाकात हो गयी ! अब हाल के दिनों में फिर से एक बार ढेर सारे हिंदी ऊपन्यास खरीद लाया हूँ ! पढ़ना है :)

पर मेरे लिखने का सारा श्रेय "श्री संजीव कुमार रॉय" को जाता है - जिनसे यूँ ही इन्टरनेट पर टकरा गया और वो मेरा लिखा हुआ कुछ पढ़े फिर मुझे हमेशा प्रोत्शाहित किये ! उनसे भी कभी नहीं मिला - पर ७-८ साल से परिचय है - फेसबुक पर हर रोज मुझे पढते हैं :) मैंने उनका नाम 'जतिन दीवान' रखा हुआ है ;) पहले वो 'सिंगापूर' में थे जहाँ उन्होंने 'BIJHAR GROUP' बनाया - अब वो अपनी बहुत बड़ी कंपनी के 'ग्लोबल मैनेजर' बनके Bay Area , SFO , CA चले गए हैं ! भैया , जब भी कुछ लिखता हूँ - आपको याद जरुर करता हूँ :) , कैसे हैं ?

शायद आने वाले सोमवार से थोडा कम समय मिले पर अदा कदा 'ब्लॉग' लिखना जारी रहेगा - अभी तो बहुत सारी यादें लिखनी हैं :)

चलिए ..एक गीत सुनते हैं और स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं और देखते हैं - लाल किला के प्राचीर से 'मनमोहन सिंह' क्या बोलते हैं :)







रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Sunday, August 1, 2010

मेरा गांव - मेरा देस- मेरे दोस्त - भाग १०

आज कई दोस्त याद आये ! गांव से लेकर दिल्ली तक ! 
बचपन में 'गोतिया / पट्टीदार' के भाई - चाचा जो हमउम्र थे उनसे बड़ा ही लगाव था ! उनमे 'पुरुषोत्तम भाई ' खास थे ! अगर पास में एक भी बिस्किट हो तो पुरुषोत्तम भाई से बाँट कर ही खाता था ! उनके पिता जी उछ विद्यालय में शिक्षक थे और साथ ही साथ कम्युनिस्ट पार्टी के नेता ! स्नातक के बाद पुरुषोत्तम भाई ने दिल्ली में कल कारखाना खोला था पर पिता के अचानक देहांत के बाद वो वापस बिहार चले गए ! अभी भी वहाँ वो अपनी क्षमता के हिसाब से एक उद्दमी हैं और एक शिक्षक भी ! सपरिवार छपरा में रहते हैं ! अब पुरुषोत्तम भाई से शादी विवाह में ही मिलना होता है ! स्नेह और प्रेम आज भी है - एक आदर भी ! मुझसे १-२ महीने के बड़े होंगे और दिखने में  बेहद स्मार्ट :) 

सर गणेश दत्त पाटलिपुत्र हाई स्कूल में नामांकन के बाद - बेंच पर हम ४ जाने थे ! वहीँ दोस्ती हुई 'मृत्युंजय' और 'दीपक अग्रवाल' से ! मृत्युंजय थोडा पढ़ाकू टाईप था पर 'तेज' मै ही कहलाता था ! दीपक अग्रवाल बहुत ही तीक्ष्ण बुध्धी का था - आज वो बहुत ही बड़ा 'लोहा' का व्यापारी हो गया है ! दस साल पहले मुलाकात हुई थी - मालूम नहीं कहाँ है ? :(  मृत्युंजय डॉक्टर बन गया - घस्सू :)) सुना है विदेश में है ! कई साल तक हमदोनो में बात चीत बंद रही - हाल में ही मुलाकात हुई थी - मै ठहरा मुहफट - बोल दिया - 'डागडर बाबु' जैसा नहीं लग रहे हो :)) बहुत मेहनती ! 

डॉक्टर कॉलोनी - कंकडबाग में रहता था - वहीँ सामने पत्रकार नगर में एक दोस्त होता था - प्रमोद ! बहुत शरीफ ! हर शाम हम दोनों मिलते थे ! वो अपने चाचा के यहाँ रहता था ! भूरी आँखें वाला प्रमोद ! बड़ा भोला था !  पैसे की तंगी होती थी - पर कभी नहीं माँगा ! मैट्रीक के बाद हम नालंदा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर कॉलोनी चले गए और विज्ञानं मेरा विषय हो गया और वो आर्ट्स ले लिया ! १८-१९ साल हो गए उससे मिले - मालूम नहीं कहाँ है ? शायद उसके पिता जी नहीं रहे ! 

पटना आने के बाद की एक घटना  याद है - जिस घटना ने मुझे "दीपक कुमार " से जोड़ दिया ! स्कूल के एक शिक्षक होते थे - राजेंद्र बाबु ! बहुत टेढ़े और बेवजह के सिद्धांतवादी ! खैर , हम उनके यहाँ पढने गए ! वहीँ दीपक से मुलाकात हुई ! पढने के दौरान हमदोनो ने कुछ ऐसी 'बदमाशी' की - 'राजेंद्र बाबु ' को हम दोनों को - तडीपार करना पड़ा ! वैसे तो दीपक दूसरे सेक्शन में था ! धीरे धीरे हम दोनों बहुत ही गहरे दोस्त हो गए ! बिलकुल भाई की तरह ! स्कूल के बाद - + २ के ज़माने में हम दोनों की जोड़ी बहुत फेमस हुई ! मेरे सारे रिश्तेदार उसको पहचानने लगे और लगभग सभी पारिवारिक मित्र  भी ! हम दोनों दिखने में भी एक जैसे थे - कई लोग कन्फ्यूज भी कर जाते ! मै जितना आलसी वो उतना ही फुर्तीला ! 'स्पीड' उसे पसंद थी ! तेज इतना की किसी के पल्ले न पड़े ! उसका छोटा भाई था 'प्रकाश कुमार' - हमारे स्कूल का टॉपर - एक बैच जूनियर ! दोनों भाई झगड़ते और जिधर मै जाता उसका पाला भारी हो जाता ! हमारे घर का हर सदस्य उसको मुझ से कम महत्त्व नहीं देता ! 

उसकी सगाई के दिन मै इतना भावुक हो गया था की - खुशी से आँखों से सावन भादो निकलने लगे ! अब वो 'रांची' में बहुत ही बड़ा व्यापारी हो गया है ! उसका छोटा भाई भी ! दीपक का छोटा भाई मेरा हमउम्र है - साल में एक दिन फोन करता है - मेरे जन्मदिन पर ! दीपक को जब जरुरत पडती है तब - बड़े हक से बोलता है ! हाल में ही मेरे 'पिता जी ' रांची गए थे - रेलवे स्टेशन पर न जाने कितनी गाडीओं से स्वागत किया ! बाबु जी कह रहे थे बहुत बड़ा और आलिशान कोठी जिसमे कई करोड के लकड़ी लगे हैं ! दिल्ली जब भी फुर्सत में आता है - मेरे यहाँ ठहरता है ! जिंदगी में बहुत 'रिस्क' लिया शायद मै नहीं ले  सकता था ! हाल में ही हम दोनों एक साथ एक ही रंग के टी शर्ट ख़रीदे और खूब घुमे :) उम्र में बड़ा है - एक दो साल सो - मेरे घर में उसको वैसा ही आदर भव मिलता है - मुझे हंसी भी आती  है :) 

क्योंकी मै दोस्ती को बहुत ही ज्यादा क़द्र करता हूँ - कभी हल्का सा भी ठेस पहुँचने पर 'बौखला' जाता हूँ - याद है - किसी कारणवश - मै गुस्सा में था - +२ का समय था - दीपक पर हाथ उठा दिया - बाए हाथ से - बीच वाली उंगली टूट गयी और शायद आज तक टूटी हुई है - हर सुबह दीपक को याद करता हूँ :) वो भी मेरे जैसा ही 'शानी' है - पर मुझसे पिटता रहा ! "

कॉलेज में भी  कई दोस्त हुए ! मुझे छोड़ लगभग सभी 'कंपनी' में काम करते हैं ! 'डॉलर' से भरे पड़े हैं ! मिलते हैं  तो 'नयी गाड़ी - नया मकान - नयी घड़ी ' के सिवा कोई और बात नहीं होती ! साल में छः महीने अमरीका - एरोप रहते हैं ! हमसे कम ही पढ़े लिखे हैं ;) अधिकतर तो आस पास ही रहते हैं - पर अब मिलना जुलना थोडा कम सा है ! शिकायत करो तो - कहेंगे - कंपनी ने गदहा बना दिया है ! हाँ , बच्चों के जन्मदिन पर मुलाकात होती है - जहाँ अधिकतर मै ही छाया रहता हूँ ! बहुत सारे - फेसबुक पर भी है - पर मेरे प्रोफाईल पर डर से या जलन से कुछ नहीं लिखते ;) बहुत सारे विदेश में जा बसे ! 

हाँ , जब हम सब अकेले होते हैं तो .....गर्मी की छुट्टी या बड़ा दिन में तो ....जम के मुलाकात होती है :)) 

खुशी होती है ..पुराने पन्नों को झांकने में - सभी दोस्त 'खुशमय' जिंदगी बसर कर रहे हैं - और क्या चाहिए ? 

कुछ नए मित्र भी बने हैं - पर जो दोस्त जितना पुराना ..उतना ही कीमती ...... 

रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Sunday, July 25, 2010

मेरा गाँव - मेरा देस- "फैशन" - भाग नौ

अभी हाल में ही एक 'धनी व्यापारी' दोस्त के साथ एक पांच सितारा होटल में आयोजित फैशन शो में गया था - भारत के एक मशहूर 'फैशन डिजाइनर'' को बात ही बात में मैंने 'दर्जी' बोल दिया और मामला बढ़ गया - क्योंकि उसने बहुत पी रखी थी - हुआ हंगामा और मै चुपके से दोस्त की बड़ी लंबी गाड़ी में जा बैठा :)

खैर चलिए - फैशन की बात करते हैं ! बचपन की बात है - रेडीमेड का जमाना नहीं था ! मुजफ्फरपुर के मोतीझील के बंका मार्केट में पिता जी के स्कूल ज़माने के एक दोस्त हुआ करते थे - जो कुछ वो सील दिया करते - हम लोग पहन लेते ! वो जमाना  "बेलबॉटम" का था ! "मामा-चाचा" टाईप आइटम  'बेलबॉटम' पहनते थे ! नीचे 'मोहरी' में चेन लगा हुआ ! ऐसा लगता की सड़क सफाई के लिए बना है !  कुत्ता के कान की तरह वाला शर्ट का "कॉलर" और छींटदार कपड़ा - "बॉबी प्रिंट" ! बेलबॉटम उनीसेक्स था - महिलाएं भी पहनती थी - "नीतू सिंह" टाईप !

फैशन की समझ "नौवीं" कक्षा में आया - तब के साल में दो बार "कपड़ा" जरुर खरीदा जाता था - "होली और छठ" में ! कंकडबाग में एक दूकान होता था - सुशवी ! वहाँ आया हुआ था - "स्टोन वाश" - मै पुरे पटना में पहला आदमी हूँगा जिसने "स्टोन वाश" ख़रीदा होगा :) घर आया तो बाबु जी बोले " ऐसा कपडा पहनोगे तो कुत्ता भौंकने लगेगा " !

तभी के समय फैशन आया था - मिथुन चक्रवर्ती स्टाईल 'बिना कलम का बाल " और फूल पैंट में आगे कोई पौकट नहीं ! एक चाचा थे - जो "बीरगंज" से "हारा का जींस" खरीद लाते - मै भी एक बार उनके साथ लटक कर 'बीरगंज' जा पहुंचा और पहली बार विदेशी जींस पहनी !

+ २ में गया तो "क़यामत से क़यामत" तक आयी ! उस वक्त एक लहर आया ' काला पैंट और पीला शर्ट " का ! जिसको देखो वही पहन रखा है ! मैंने कभी नहीं पहना ! फिर आया "बैगी पैंट " का जमाना ! कंकडबाग वाला "सुशवी" दूकान वाला तब तक मुझे पहचान लिया था - और फिर एक बार उसने मुझे 'बैगी' थमा दिया ! मुझे चेक बैगी पैंट में देख पिता जी के एक दोस्त बोले  "क्या तुमने अपने बाबु जी का पैंट पहन रखा है  ? " बड़ी हंसी आयी थी :)

सफारी सूट बहुत पोपुलर होता था - यह ड्रेस बैंक अधिकारिओं के लिए डिजाईन किया गया था - पर यह शादी विवाह में बहुत पोपुलर हो गया - जो शादी में "सूट" नहीं सिलवा पाता वो 'सफारी सूट" जरुर सिलवाता - और धीरे - धीरे सफारी का पैंट की जगह 'लूंगी' ले लेता था :) बड़ा ही बेजोड कम्बिनेशन था ;) स्सफारी सूट और हाथ में एक ८ इंच का कला बैग - भर मुह पान - पतली मुछ ;)
तभी के समय मैंने कुछ जबरदस्त 'कॉटन' के बहुत सारे  ढीले शर्ट ख़रीदे थे ! टाईट जींस - खूब ढीला - स्टार्च डाल के आयरन किया हुआ - शर्ट और बी एन कॉलेज के सामने से खरीदा हुआ बीस रुपईया में 'गॉगल्स' - साथ में दोस्त का माँगा हुआ 'इंड सुजुकी' ! ऐसा लगता था की 'पटना के असली राजकुमार' हम लोग ही हैं - अब बड़ी हंसी आती है ;) वैसे मेरी साईकिल भी बड़ी डिजाईनदार होती थी !

स्नातक में गया तो वहाँ भी फैशन जारी रहा - पर मैंने कभी भी अपने जूता में घोडा का नाल नहीं डलवाया ;) कभी हाई हील जूता या खूब नुखिला जूता नहीं पहना ! पर मित्र मंडली में ऐसे लोगों की कमी नहीं थी :) बंगलौर के 'विअर हॉउस' के सेल्समैन भी पहचानने लगे थे :) एक खासियत थी - फैशन के वावजूद - ड्रेस का सोबरनेस कभी नहीं गया ! स्नातक के दौरान ही ' एरो और लुईस फिल्लिप ' टेस्ट लगा जो आज तक कायम है ! १० साल से 'विल्स' पसंदीदा है ! अपने कपड़ों को बड़े ही सहेज कर रखता हूँ - मौका मिले तो खुद हाथों से धोता हूँ और आयरन भी करता हूँ :)

"यूँ ही कुछ कुछ लिख दिया हूँ - ज्यादा गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है "

रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Friday, June 11, 2010

मेरा गाँव - मेरा देस - भाग आठ

आखिरकार वो कैसी घड़ी रही होगी - जब मोहनदास करमचंद गाँधी - सूट बूट में - चमड़े की सूटकेस और अंग्रेजों की चाबुक ! बैरिस्टर साहब की जिंदगी बदल गयी ! उस वक्त 'ब्लॉग' नहीं होता था - वरना वो अपनी बेइज्जती 'ब्लॉग' पर उतार शांत हो जाते ! खैर ...

क्षेत्रीयता क्या है ? जिंदगी की कुछ घटनाएँ याद हैं ! बात करीब १९८० की रही होगी ! मेरे गाँव में रेलवे स्टेशन नहीं था तो बाबा ने तत्कालीन सांसद स्व० नगीना राय को पत्र लिखा ! उन्होंने ने मदद किया और ५-६ साल में रेलवे विभाग ने एक 'हॉल्ट स्टेशन' पारित कर दिया ! पूरा गाँव खुश था ! पर एक दिक्कत आ गयी - बगल के गाँव वाले उस स्टेशन का नाम अपने गाँव पर रखना चाहते थे - जब यह नहीं हो पाया तो वहाँ के सब से बड़े आदमी ने कुछ 'पैरवी' लगा कर अपने दादा - परदादा के नाम पर 'स्टेशन' का नाम रख दिया ! दोनों गाँव में "आग लग गयी" ! जिनके नाम ये स्टेशन रखा गया - वो भी हमारी जाति के थे - पर यहाँ 'क्षेत्रवाद' उभर कर आ गया ! बाबा चुप थे ! आँखें नाच रही थी ! स्टेशन का उदघाटन का दिन आ गया ! 'तनाव' चरम सीमा पर थी ! उनलोगों ने किसी बड़े आदमी को बुला रखा था - उदघाटन के लिए ! और हमारा गाँव इस जीद पर अडा था की - स्टेशन का 'उदघाटन' मेरे बाबा ही करेंगे ! खैर , पहली ट्रेन रुकी और बाबा की उपस्थिती में स्टेशन चालू हुआ ! उस गाँव के लोग जो हमारी जाति ही नहीं एक गोत्र के भी थे - उनसे 'नेवता - पेहानी' काफी दिन तक बंद रहा !

कहाँ गया 'जातिवाद' ???

दूसरी घटना याद है ! मेरे गाँव में एक बहुत बड़ा "पोखर" है ! पूर्वजों ने उसको एक ब्राह्मण को दान दे दिया था ! वो ब्राह्मण नाव्ल्द हो गए ! उनके मरने के बाद उनकी पत्नी अपनी मायके रहने लगी ! बगल के गाँव में एक आदमी 'ठिकेदारी' से बहुत पैसा कमाया और उस विधवा से जमीन अपने नाम करवा लिया ! क्योंकि , वो पोखर करीब २०-२५ एकड़ में था सो मछली उत्पादन और आय का बहुत श्रोत हो सकता था ! पर एक दिक्कत थी - ब्राह्मण के नहीं रहने के हालत में - वो पोखर धार्मिक कामो में प्रयोग होने लगा और माल मवेशी को नहाने धुलाने में ! हिंदू वहाँ 'छट पूजा' करते थे ! पोखर के पछिम दिशा में बाबा ने मुसलमानों को बुला उनसे चंदा दिलवा - एक छोटी मस्जिद भी बनवा दी ! 'दान' दी हुई चीज़ थी - सो परिवार में किसी को कभी कोई लालच नहीं हुआ - अब वो पुरे गाँव का हो गया था ! पर , ठेकेदार एक दिन मछली मारने पहुंचा ! 'मेरा पूरा गाँव' हल्ला बोल दिया ! कागज़ी तौर पर वो मजबूत था - पर गांव को ये मंजूर नहीं था ! कोर्ट - कचहरी शुरू हुआ ! गाँव के हर घर पर उसकी आमदनी के अनुसार चंदा बाँध दिया गया ! सभी मंजूर कर लिए ! और ये 'मुकदमा' हारते - जीतते अंततः "पोखर" सार्वजनिक घोषित हुआ !

मैंने समाजशास्त्र किसी किताब में नहीं पढ़ी है ! १९८७ के बाद शायद की कोई किताब इन विषयों की पढ़ी हो ! पर , समाज के साथ रहा हूँ - पला बढ़ा हूँ , सो जो महसूस करता हूँ - लिखता हूँ !

मनोविज्ञान को भी नहीं पढ़ा ! पर इसी छोटी उम्र में हजारों लोगों से मिल चूका हूँ ! लोग किस किस अवस्था में कैसे सोचते हैं - पता है ! 

मैंने पहले भी कहा है - मंगल ग्रह पर कोई भी आदमी 'पृथ्वी' का अपना लगेगा ! अमरीका में बैठा 'पाकिस्तानी' करीबी लगेगा ! बंगलौर में 'यू पी ' वाला भाई लगेगा ! दिल्ली में 'बिहार के किसी भी जिले' का कोई भी अपना लगेगा ! बिहार में अपना जिला वाला प्यारा लगेगा ! अपने जिला में अपना गाँव वाला सब से नजदीकी होगा ! अपने गाँव में अपना घर वाला सब से निकट का महसूस होगा ! और परिवार के अंदर - अपनी बीवी - बाल बच्चों के हित में सोचूंगा और बीवी से झगडते वक्त - अपनी दलील पर कायम रहूँगा :)

इन्ही शब्दों के साथ ....

रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Sunday, June 6, 2010

मेरा गांव - मेरा देस - ( सिनेमा - सिलेमा ) भाग सात

अभी अभी 'प्रकाश झा' की "राजनीति" देख लौटा हूँ ! शाम को फेसबुक पर बैठ - इस कोठी का चाऊर उस कोठी कर रहा था - तब तक एक मित्र ने फोन कर दिया की - 'सिनेमा चलना है - फिर क्या था :) झटपट जींस चढ़ाया - एक सफ़ेद टी पहना और चल दिया - घर के बिलकुल पास में ही 'शिप्रा मॉल' है ! खैर , मनोज वाजपेयी बेहतरीन दिखे ! ज्यादा क्या लिखूं ? बहुत लोग हैं - लिखने वाले ! चलिए आपको अपने युग में ले चलता हूँ :)

हलकी याद 'एक फूल दो माली' की है ! पर उस ज़माने में 'मध्यम वर्ग' फिल्म्ची होता था ! मुजफ्फरपुर में उस ज़माने में 'राजा हरिश्चंद्र' लगा था - बड़े बाबा को छोड़ हम सभी गए थे ! इस सिनेमा का प्रभाव और बाबु जी के डान्ट ने मुझे 'झूठ' बोलना छुडवा दिया :) बात १९७९ की रही होगी ! मुजफ्फरपुर में एक बहुत बड़ा सिनेमा हॉल बना था - " जवाहर पिक्चर पैलेश" - उसमे एक साथ - दो सिनेमा हौल होते थे - जवाहर डिलक्स और जवाहर मिनी - किसी बड़े व्यापारी ' राम उदार झा जी' का था ! उस सिनेमा हॉल की - पहली पिक्चर थी - " दुनिया मेरी जेब में " :) इंटरवल में जब 'ठंडा' बेचने वाला 'ओपनर' से सभी बोतलों पर आवाज़ निकलता था - मन ललच जाता था :) एक चाचा की शादी हुई थी - हर सफ्ताह सिनेमा का प्रोग्राम बनता था - बाबु जी के कई ममेरे - फुफेरे भाई बहन भी वहीँ साथ में रहते थे ! किसी को साइकील से दौड़ा दिया जाता था - टिकट कटा कर रखना ! सुबह में ही मोहल्ले के रिक्शा वाले को बोल दिया जाता और वो सिनेमा शुरू होने के एक घंटा पहले रिक्शा लगा देता था - माँ - फुआ - चाची लोग रिक्शा पर और हम बाबु जी के 'लैम्ब्रेटा' पर :)
सिनेमा खत्म होने के बाद - मन भारी हो जाता - कई सिनेमा तो सो कर ही निकाल दिए ! बाहर आते ही - सिनेमा के गाना का 'किताब' मिलता था !
एक दूर के फूफा जी होते थे - उनका टेंट हॉउस होता था - सो उनको सिनेमा हॉल वाले 'पास' देते थे ! धीरे - धीरे बाबु जी सिनेमा कम जाने लगे और हम सभी मुफ्त का 'पास' का आनंद उठाने लगे ! मेरा एक पसंदीदा स्वेटर होता था - 'मुकद्दर का सिकंदर' देखते वक्त 'हॉल' में ही छूट गया ! क्रांति आयी थी - ओफ्फ्फ ...कितना भीड़ था ..'शेखर टॉकिज' में ! ९ बजे वाला शो ११ बजे शुरू हुआ ! रात दो बजे हम सभी लौटे थे ! कभी कभी इतवार को "एक टिकट में दो शो" का भी ओफ्फर आता था ! हम ये अवसर कभी नहीं पा सके :(  उस वक्त की कई सिनेमा याद है - त्रिशूल , एक दूजे के लिए , दोस्ताना , जुदाई , लव स्टोरी और मालूम नहीं कितने !

एक दिक्कत और थी ! गाँव से कोई भी आता - वो शाम को गायब हो जाता - बाद में पता चलता की वो 'सिलेमा' देखने गया था :) एक दो सिनेमा ऐसे लोगों के साथ पर्दा के सबसे पास वाले सीट पर भी बैठ कर देखा है ! ब्लैक में टिकट लेना कभी शर्म तो कभी शान हुआ करती थी :) हमारे यहाँ "डी सी , बी सी , फर्स्ट क्लास , सेकंड और थर्ड क्लास होता था !

पटना आया तो - "उमा सिनेमा " के ठीक पीछे "नाना जी" का घर था ! रात में मामू जान लोग के साथ - शो मार दिया करता ! फिर कंकरबाग आया तो - "वैशाली" ! कई पुराने सिनेमा "वैशाली" में देखा - आरज़ू , दिल ही तो है और मालूम नहीं कितने और :) 

नौवीं में चला गया - दोस्तों ने जोर दिया - अमित जी का 'गिरफ्तार' आ रहा है - टिकट का इंतज़ाम हो जायेगा - चलना है ! किसी तरह "माँ" को मनाया - माँ ने बाबु जी को मनाया फिर बाबु जी ने माँ को हाँ कहा - माँ ने मुझे हाँ कहा तब जा कर 'मै' बड़ा हुआ और दोस्तों के साथ 'सिनेमा' देखा :)

टी वी भी आ चूका था ! सिनेमा की जरुरत भी कम हो गयी थी ! + २ में गया तो दोस्तों के साथ - एक ही स्कूटर पर पांच लोग सवार होकर 'मोना' का मोर्निंग शो देखने गए थे ! एक ने सिगरेट जला ली - कश पर कश दिए जा रहा था - मुझे बार बार अपने पिछडेपन का एहसास होता :(  खैर इसी बीच आ गए -"आमिर खान" साहब और "सलमान खान" - "क़यामत से क़यामत" करीब ८ बार तो जरुर देखी होगी ! ३-४ बार .."मैंने प्यार किया" ! इन दोनों सिनेमा का कैसेट भी खरीदाया ! अब के दौर में - वी सी आर - आने लगा ! वी सी आर - दहेज का प्रमुख आइटम हो गया ! "विडियो कोच" की इज्ज़त और डिमांड बढ़ गयी !

स्नातक में गया तो .. :) हर परीक्षा के तुरंत बाद पूरा का पूरा बैच 'सिनेमा हौल' में ! जिन दोस्तों की गर्ल फ्रेंड होती - वो हमें चिढाने के लिए  जरुर आते :(  सड़ा - गला किसी भी तरह का सिनेमा - पूरा हॉल 'धुंआ' से भर जाता ! आमिर - सलमान - शाहरुख को देखते देखते स्नातक गुजर गया ! कभी कभी मेस के टेबल पर ही सिनेमा का प्लान बन जाता :) दोस्तों के कमरे में 'बॉलीवुड' के पोस्टर लगने लगे ! 'फिल्म फेयर , मूवी ' सिनेब्लित्ज़ , स्टार डस्ट् और मालूम नहीं क्या क्या ...जैकी चान की आदत भी अभी ही लगी थी ! सिनेमा के गाने के कैसेट आदान - प्रदान होने लगे :)

बंगलौर में नौकरी करता था - इतवार को 'तेलगु - तमिल' कोई भी सिनेमा देख लेता ! वहाँ का पब्लिक सही है - एकदम मस्त ! संतोष सिनेमा हौल सब से प्रिये था ! एक शायद 'अभिनव' भी था !

नॉएडा आया तो २ साल तक कोई सिनेमा 'हौल' में नहीं देखा ! मल्टीप्लेक्स के दामों को सुन हिम्मत नहीं होती ! एक सम्बन्धी आये - फिल्म्ची थे - जिद पर अड् गए - जाना पड़ा :( ..फिर तो ....शुरुआत हो ही गयी :)  अब तो ऐसे जगह पर रह रहा हूँ ..जहाँ आधा किलोमीटर के अंदर ३-४ मल्टीप्लेक्स हैं - यहाँ नहीं तो वहाँ ..कहीं न कहीं टिकट तो मिल ही जायेगा !


मालूम नहीं क्या क्या लिख दिया :) पढ़ लीजिए ..कुछ यादें आपकी भी हों तो कम्मेंट दे दीजिए ..अभी फुर्सत है ..तो ब्लॉग छप रहा है ! :)






रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !

Thursday, June 3, 2010

मेरा गाँव - मेरा देस ( राजनीति ) - भाग छह

प्रकाश झा साहब की फिलिम 'राजनीति' रिलीज होने वाली है ! सन १९८४-८५ में उनकी 'दामुल' दूरदर्शन पर देखी थी ! एक सांस में देख लिया था :)  उनकी लगभग सभी फिल्मे देख चूका हूँ ! 'राजनीति' भी देख लूँगा :) मै 'फिलिम्ची' नहीं हूँ - सिनेमा देखते वक्त 'निर्देशक' की भूमिका में खुद को पाता हूँ तो और भी दिक्कत होती है :(  इसलिए सिनेमा और टी वी के रिपोर्टस को लगभग कोशिश करता हूँ - ना देखूं !

खैर , एक पोस्ट में आप सभी ने पढ़ा होगा - कैसे मै पहली दफा 'श्रीमती गाँधी' को रांची में देखा ! तब से उनका मै फैन हो गया :) १९७७ का चुनाव याद नहीं है पर उनका चुनाव चिन्ह 'गाय और बछड़ा' के बैच कई सालों ताक मेरे 'दराज' में मेरे खिलौने के पार्ट हुआ करते थे ! सन १९८० के आम चुनाव के वक्त मै मुजफ्फरपुर में हुआ करता था - 'राजनीति' खून में थी ! कॉंग्रेस जेहन में थी ! मुजफ्फरपुर के सब से बड़े व्यापारी 'श्री रजनी रंजन साहू' कॉंग्रेस के उम्मीदवार हुआ करते थे ! बड़े दादा जी से जिद  किया तो कॉंग्रेस के कुछ झंडे घर' के छत पर टांग दिए गए :) इंदिरा गाँधी से प्रभावित होकर - मैंने भी अपनी एक 'वानर सेना' बना ली थी ! :) मोहल्ले के ही सभी थे ! जॉर्ज साहब भी चुनाव लड़ रहे थे ! जॉर्ज साहब एक चुनावी सभा को संबोधित करने वाले थे - हम सभी ने प्लान बनाया की वहाँ हम पत्थर फेंकेंगे :) खैर , अब याद आती है तो बहुत हंसी भी छूटती है :) मोहल्ले के कुछ लोगों ने 'जॉर्ज साहब' के पक्ष में एक छोटा सा प्रदर्शन टाईप का करने वाले थे - मुझे जब पता चला - मै बेचैन हो गया था - बड़े बाबा के पास गया और रोने लगा :) शाम को वो प्रदर्शन हमारे घर के सामने से ही होकर जाने वाला था - मै शाम को ही तीर धनुष लेकर उनको रोकने को तैयार था :) मेरी 'वानर सेना' गायब थी - राजनीति का पहला सबक :)

वोट कैसे गिराते हैं - नहीं पता था ! बाबु जी और बड़े बाबा - चाचा सभी लोग पास के ही एक महिला कॉलेज जो की मतदान केंद्र हुआ करता था - वहाँ जाने वाले थे - जिद पर अड् गया - बाबु जी के लैम्ब्रेटा पर पहले से ही जा कर बैठ गया :) वहाँ गया - तब तक एक 'जीप' आई और उससे एक दूसरी पार्टी के उम्मीदवार उतरे - बाबु जी ने मुझे इशारा किया की "प्रणाम' करो !मैंने नहीं किया ! बाद में पता चला की वो वहाँ से लगातार चार बार जीत चुके और 'लंगट सिंह' के पौत्र 'दिग्विजय' बाबु थे और हमारी जाति के ही थे - शायद मेरे घर वालों ने उनको ही वोट दिया था - रात भर नींद नहीं आयी - विश्वास टूट चूका था - राजनीति का दूसरा सबक :)

सन १९८० के विधानसभा चुनाव के समय 'गांव' पर था ! बाबा को टिकट मिलने की खबर 'अखबार' में छप चुकी थी - ऐसा ही कुछ उनके साथ १९६२ में भी हुआ था पर वहाँ के तत्कालीन सांसद 'श्री नगीना राय' ऐसा नहीं चाहते थे सो अंतिम समय में 'टिकट' कट गया ! हम सभी बहुत दुखी थी - डॉक्टर जगनाथ मिश्र गाँव पर आये - और कुछ बड़ी चीज़ का वादा कर के गए :) बाबा कॉंग्रेस के थे - कॉंग्रेस ने बहुत ही कमज़ोर कैंडिडेट को उतरा था - बेवकूफ जैसा था - हर सुबह अपनी जीप लेकर हमारे दरवाजे आ जाता था ! हम और हमारे बाबा दिन भर कॉंग्रेस की जीप में घुमते :) पर , अचानक मुझे पता चला की बाबा ने उनदिनो बिहार के समाजवादी नेता 'श्री कपिल देव बाबु ' को चिठ्ठी भेज कर अपने एक आदमी को 'जनता पार्टी' का टिकट दिलवा दिया था ! 'कपिल देव बाबु सम्बन्धी लगते थे ! चुनाव के ठीक पहले अचानक बाबा सक्रिए हो गए - उनके सारे लोग - उस 'अपने आदमी' के लिए काम करने लगे :) पर जीप अभी भी वही 'कॉंग्रेस' की थी ! घर में झंडे 'कॉंग्रेस'   के ही लगे थे ! खैर , न तो कॉंग्रेस जीता और न ही वो अपना 'आदमी' - राजनीति का तीसरा सबक बहुत महत्वपूर्ण हो गया !

फरवरी १९८४ में दिल्ली आया था ! राज्यभर के कॉंग्रेसी आये थे ! मै भी बाबा के साथ 'लटक' गया ! दिल्ली का पहला दौरा था ! २६ , महादेव रोड पर नगीना राय के डेरा पर रुके थे ! हर शाम - पालिका बाज़ार घूमने जाता था ! जिस दिन इंदिरा गाँधी से मिलने जाना था - उसके ठीक एक दिन पहले मैंने 'पालिका बाज़ार' से एक 'कैमरा खरीदा' - अगले दिन मैंने अपनी जिंदगी की पहली तस्वीर श्री मति गाँधी का लिया - सफ़ेद अम्बैस्डर में सवार ! सर पर पल्लू ! कॉंग्रेस के कई दिगज्जों के रूबरू ! ढेर सारे 'आशीर्वाद' समेटा !

१६ अक्टूबर १९८४ , श्रीमती गाँधी से अंतिम मुलाकात ! सत्येन्द्र बाबु उर्फ छोटे सरकार का कॉंग्रेस में वापसी का दिन ! श्री कृष्ण मेमोरियल में ठीक उनके सामने बैठा हुआ - मै :) बिहार के सभी कॉंग्रेसी दिग्गज के बीच में - मै एक टीनएजर कॉंग्रेसी :) ताकत का एहसास होता था ! स्कूल में गप्प देने के ढेर सारे मसाले मेरे पास हुआ करते थे ! पर मेरे मसाले में मेरे किसी दोस्त को 'इंटरेस्ट' नहीं होता था ! :(  अब कोई मुझसे 'राजनीति' पर कुछ पूछता है य बहस करता है - मै सिर्फ मुस्कुराता हूँ !

इंदिरा गाँधी का क़त्ल हो गया ! चुनाव हुए ! हमारी वार्षिक परीक्षा खत्म हो चुकी थी - बाबा ने अपने बौडी-गार्ड को मुझे गोपालगंज बुलाने के लिए - पटना भेजा था ! बाबु जी 'दांत' पीसते रह गए और मै - चुनाव के मजे लेने के लिए 'पटना' से फरार हो गया ! :) नगीना राय के खिलाफ उनके ही शागिर्द 'काली पाण्डेय' चुनाव लड़ रहे थे - राजनीति का यह अजीब सबक था - अवसरवादिता का ! चुनाव प्रचार में ३०-४० गाडिओं का काफिला - हर गाड़ी में - ढेर सारे - रायफल - बन्दूक ! चुनाव का दिन - अजीब सा टेंशन ! नगीना राय बुरी तरह हार गए ! कुख्यात 'काली पाण्डेय' जीत गया !

धीरे धीरे राजनीति में हम अस्तित्व खोते गए ....

..........जो कुछ बचा ...लालू ने कुचल - मसल दिया ! थोड़ी सी जो दम अभी सांस गिन रही थी - उस पर 'नीतिश कुमार' ने अंतिम वार कर दिया है ! जान छटपटा रही है ....कोई आस पास भी नहीं है ..जो इस जाती हुयी जान को चुल्लू भर पानी पीला दे ............!

पर 'राजनीति' तो खून में है - अभी हमारा 'अंतिम वार' बाकी है - इन्ही उम्मीदों के साथ ...

रंजन ऋतुराज सिंह - इंदिरापुरम !